रूसी दूतावास के प्रेस सेक्रेटरी पीटर सिज़ोव ने NDTV से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात के साथ-साथ भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ाने की संभावनाओं पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुई बैठक बेहद महत्वपूर्ण रही. करीब 50 मिनट तक चली इस वार्ता के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आने की उम्मीद है. सिज़ोव के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर चर्चा की. उन्होंने विश्वास जताया कि 2030 से पहले ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.