केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आपको दुनिया में शायद ही कोई ऐसा नेता मिलेगा, जो लगातार 25 वर्षों तक जनता का विश्वास, जनसमर्थन और स्पष्ट जनादेश हासिल करते हुए शासन के प्रमुख की भूमिका निभा रहा हो. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में काम करने वाले किसी भी नेता को आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है और कई बार झूठे नैरेटिव्स से भी जूझना पड़ता है. लेकिन जब लक्ष्य जनकल्याण हो, तो चुनौतियां मायने नहीं रखतीं. भूपेंद्र यादव ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी राजनीतिक और प्रशासनिक यात्रा शुरू की थी, तब देश आज की तरह डिजिटल युग में नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की कहानी भारत की जड़ों से निकले एक ऐसे असाधारण व्यक्तित्व की कहानी है, जिन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को शासन से जोड़ा और समय के साथ नई तकनीकों को अपनाकर उन्हें जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनाया.