संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही के दौरान बुधवार को लोकसभा में जबरदस्त हंगामा होने के पूरे आसार है। सदन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि वह लोकसभा स्पीकर के समक्ष आए अविश्वास प्रस्ताव पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए खड़े हुए हैं। अमित शाह ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। करीब चार दशकों बाद एक बार फिर लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। उनके मुताबिक यह घटना संसदीय राजनीति और सदन, दोनों के लिए ही अफसोसजनक है। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा अध्यक्ष किसी एक दल के नहीं होते, बल्कि पूरे सदन के होते हैं। एक तरह से वे सदन के सभी सदस्यों के अधिकारों के संरक्षक भी होते हैं।