देशभर में आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा शुरू हो गई है. सबसे प्रमुख आयोजन ओडिशा के पुरी और गुजरात के अहमदाबाद में हो रहा है. पुरी में दोपहर करीब 2:30 बजे भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर आएंगे. तीनों अलग-अलग रथों में सवार होकर गुंडिचा मंदिर जाएंगे, जिसे लोक परंपरा में भगवान की मौसी का घर कहा जाता है. भगवान 7 दिन तक वहीं रहेंगे. वहीं, अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथ यात्रा की शुरुआत सीएम भूपेंद्र पटेल द्वारा पहिंद विधि के साथ हो चुकी है. जमालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर से निकली यात्रा लगभग 16 किमी लंबी है और सरसपुर में रणछोड़ जी के मंदिर पर समाप्त होगी. यहां भगवान अपनी नानी के घर जाएंगे. रात भर रथ मंदिर के बाहर रहेगा और कल सुबह आरती के बाद भगवान वापस मंदिर जाएंगे. यात्रा सेंसिटिव इलाकों से गुजरती है इसलिए 30,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं. इस बार कौमी एकता का संदेश भी दिया जा रहा है और जगह-जगह महाभोज का आयोजन है. पुरी से लेकर अहमदाबाद तक भक्ति का सैलाब देखने को मिल रहा है.