PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड के नेता प्रतिपक्ष क्रिस हिपकिंस से शनिवार को मुलाकात की और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों समेत द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे हैं. यह पिछले 40 वर्ष में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली यात्रा है. विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड के नेता प्रतिपक्ष क्रिस हिपकिंस से मुलाकात की.’’ हिपकिंस न्यूजीलैंड लेबर पार्टी के नेता और रेमुताका से सांसद हैं. मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने ‘‘व्यापार और दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.’’