उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और कलेजा कपा देने वाली खबर सामने आई है. यमन लाल सागर के पास एक मर्चेंट शिप पर हुए भीषण हमले में देवरिया के रहने वाले नाविक शिवानंद चौरसिया (38) की मौत हो गई है. जैसे ही यह खबर शिवानंद के पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शिवानंद का परिवार बेहद गरीब है. उन्होंने कर्ज लेकर शिवानंद को सिर्फ 6 महीने पहले (5 दिसंबर को) विदेश भेजा था ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके. शिवानंद अपने पीछे पत्नी, एक 5 साल का बेटा, डेढ़ साल की बेटी और बूढ़े माता-पिता को छोड़ गए हैं, जिनका एकमात्र सहारा अब छिन चुका है.