उत्तर प्रदेश के मिशन 2027 को लेकर सियासी बयानबाजी अभी से तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से सनातन का तार छेड़ दिया है, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है. उन्होंने कहा, 'सनातन की ध्वजा पताका ऊंची रहेगी, तो भारत का कोई बाल भी बांका नहीं कर पाएगा.' सनातन से सियासी संदेश सीएम योगी का चुनावी मंत्र सुनाई देता है. बीते कुछ सालों में योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत और सनातन को अपने राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखा है. अयोध्या से काशी तक महाकुंभ से मंदिर कॉरिडोर तक बीजेपी लगातार अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूत करने की रणनीति पर काम करती दिखाई देती है.