छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. डबरा ब्लॉक के सिंघी तराई क्षेत्र में स्थित वेदांता कंपनी के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 14 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
हादसा दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जब प्लांट के बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ. धमाका इतना भयानक था कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 6 मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायलों को रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख‑पुकार और अफरा‑तफरी का माहौल देखने को मिला. प्लांट परिसर से उठता धुआं इस त्रासदी की भयावहता को बयां कर रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2‑2 लाख और घायलों को ₹50‑50 हजार की सहायता देने की घोषणा की गई है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. हादसे के बाद प्लांट गेट पर तनाव की स्थिति बनी रही. मृतकों और घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्लांट प्रबंधन ने समय पर न तो पर्याप्त जानकारी दी और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था की, जिससे घायलों को खुद ही अस्पताल ले जाना पड़ा. इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और प्लांट प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा.
ब्यूरो रिपोर्ट. एनडीटीवी इंडिया.
Chhattisgarh boiler explosion, Vedanta power plant accident, Vedanta plant blast, Chhattisgarh industrial accident, boiler blast kills workers, Sakti district blast, Vedanta power plant news, industrial safety failure India, workers killed in power plant, Chhattisgarh breaking news, factory explosion India, PM relief fund compensation, labour accident news India