बिहार में शराबबंदी के बाद तस्करों के नए-नए ठिकाने सामने आ रहे हैं. कभी लग्जरी कार, एंबुलेंस तो कभी ट्रेन से तस्करी, लेकिन कटिहार में तस्करों ने मुर्गी फार्म को ही शराब का गोदाम बना दिया. मामला बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर पंचायत के हटियाटोल गांव का है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नहर किनारे स्थित आनंद मंडल के मुर्गी फार्म में भारी मात्रा में शराब छिपाई गई है. सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में SI कौशल कुमार, राजनेता कुमार और आलोक कुमार की टीम ने छापेमारी की. फार्म में भूसे को हटाया गया तो नीचे से 381 लीटर विदेशी ब्रांडेड शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब जब्त कर ली और तस्करी में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी है, जहां अंडा और मुर्गा मिलना था, वहां शराब मिलने से पुलिस भी हैरान है.