मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. ओवैसी ने आरोप लगाया कि बंगाल में मुसलमानों के हितों से समझौता किया जा रहा है और TMC ने इस मामले में BJP का साथ दिया.
ओवैसी ने कहा कि जब एक वीडियो सामने आया, तो उन्होंने साफ कर दिया था कि मजलिस बंगाल के मुसलमानों के हितों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने ममता बनर्जी और TMC से सवाल करते हुए पूछा कि क्या उन्होंने BJP का पक्ष नहीं लिया.
AIMIM अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना करते हुए कहा कि दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. उन्होंने कहा कि PM मोदी और ममता बनर्जी भाई-बहन जैसे हैं.
ओवैसी ने वक्फ कानून को लेकर भी TMC पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने दावा किया था कि वह बंगाल में वक्फ एक्ट लागू नहीं करेंगी, लेकिन यह केवल वोट हासिल करने के लिए बोला गया झूठ था. ओवैसी के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सत्तारूढ़ TMC तथा विपक्षी दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.