ब्रिटेन में 40 साल पुराने मंदिर को प्रशासन ने मुस्लिम संस्‍था को बेचा! सड़कों पर उतरे हिंदू

  • 6:14
  • प्रकाशित: जुलाई 14, 2026

ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में 40 साल पुराना हिंदू मंदिर और कम्युनिटी सेंटर नीलामी की कगार पर पहुंच गया है, जिससे वहां रहने वाले 30-40 हजार हिंदुओं की आस्था पर चोट लगी है. पीटरबरो सिटी काउंसिल ने 'न्यू इंग्लैंड कॉम्प्लेक्स' को एक मुस्लिम संस्था (UK Islamic Mission) को बेचने का फैसला किया है. आरोप है कि ये फैसला बिना सही मूल्यांकन और पारदर्शी प्रक्रिया के लिया गया. हिंदू समाज ने तुरंत हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और मामले पर कुछ हफ्तों में फैसला आने की उम्मीद है. इस मंदिर की कहानी 1984 से जुड़ी है. तब काउंसिल ने ही दरियादिली दिखाते हुए एक बंद पड़े स्कूल की इमारत हिंदू समुदाय को किराए पर दी थी. 1986 में लीज एग्रीमेंट हुआ और राम मंदिर की स्थापना हुई. तब से ये जगह पूजा, त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र बनी हुई है. हिंदू समाज का कहना है कि 50-60 km के दायरे में कोई दूसरा मंदिर नहीं है, इसलिए ये बंद हुआ, तो समुदाय के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा. काउंसिल की तरफ से सफाई नहीं आई, लेकिन पृष्ठभूमि में ब्रिटेन की स्थानीय काउंसिलों का भारी वित्तीय संकट है. 2025 के सर्वे में सामने आया कि 60% काउंसिलें घाटा भरने के लिए कम्युनिटी सेंटर और सामाजिक परिसर बेच रही हैं. बर्मिंघम काउंसिल को 2,883 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचनी पड़ी, नॉटिंघम का घाटा भी करोड़ों में है. हिंदू समाज ने साफ किया कि विरोध किसी धर्म विशेष से नहीं है, बल्कि भेदभावपूर्ण प्रक्रिया और आस्था के केंद्र को बेचने के फैसले के खिलाफ है. पीटरबरो की सड़कों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. अब सबकी निगाहें हाई कोर्ट के फैसले पर हैं.