स्टार प्लस का नया शो ‘सैराब' अपने पहले ही एपिसोड में रोमांस, पारिवारिक भावनाओं और म्यूजिक-ड्रिवन नैरेटिव को बड़े ही खूबसूरत ढंग से पिरोते हुए एक मजबूत शुरुआत करता है. एपिसोड की नींव ऐसी कहानी पर रखी गई है जो एक तरफ आम जिंदगी की सादगी से जुड़ती है, तो दूसरी तरफ सपनों, उम्मीदों और आकांक्षाओं की चमक भी दिखाती है. साथ ही यह शो दो बिल्कुल अलग दुनिया से आने वाले किरदारों की टक्कर की झलक देता है, जो आगे की कहानी के लिए उत्सुकता बढ़ाता है.
सैराब की कहानी
पहले एपिसोड में दर्शकों को ईशान की ग्लैमर और स्टारडम से भरी दुनिया से रूबरू कराया जाता है. ईशान एक सुपरहिट पॉप स्टार है, जिसकी फैन फॉलोइंग जबरदस्त है और जिसकी झलक पाने को लोग बेताब रहते हैं. वहीं दूसरी ओर कहानी का फोकस कोलकाता में रहने वाली डॉ. नयनिका पर है, जो एक जिम्मेदार मां होने के साथ-साथ अपने पेशे के प्रति पूरी तरह समर्पित डॉक्टर भी हैं. उनकी दुनिया उनकी बेटी टिन्नी और परिवार की जिम्मेदारियों के इर्द-गिर्द घूमती है. टिन्नी के जन्मदिन को खास बनाने के लिए नयनिका, संगीत की दुनिया से अनजान होने के बावजूद, उसे ईशान के कॉन्सर्ट में ले जाने का एक भावनात्मक सरप्राइज प्लान करती हैं. इसी दौरान टिन्नी के भीतर अपने पिता को लेकर चल रहे जटिल भावनात्मक रिश्तों की झलक भी देखने को मिलती है. एपिसोड के अंत तक दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ जाती है कि आखिर ईशान और नयनिका की राहें कैसे और कब एक-दूसरे से टकराएंगी.
ये भी पढ़ें- MMA फाइटर हैं राम चरण के बॉडीगार्ड, पेड्डी एक्टर को देख बेकाबू फैन को उठाकर कर दिया साइड, देखें वीडियो
सिया के राम की मदिराक्षी ने किया कमबैक
इस एपिसोड की सबसे बड़ी मजबूती इसकी कास्टिंग कही जा सकती है. ‘सिया के राम' के बाद मदिराक्षी मुंडले ने नयनिका के रूप में एक प्रभावशाली वापसी की है. उन्होंने अपने किरदार में सहजता, संवेदनशीलता और गहराई को इस तरह पेश किया है कि नयनिका तुरंत ही दर्शकों से जुड़ जाती हैं. वहीं रोहित चंदेल ईशान के किरदार में पूरी तरह फिट बैठते हैं. एक ओर वह एक सफल और करिश्माई सुपरस्टार की शख्सियत को बखूबी निभाते हैं, तो दूसरी ओर उनके भीतर छिपी भावनात्मक उलझनों की परतें भी धीरे-धीरे सामने आती हैं.
सैराब में क्या है खास
‘सैराब' की सबसे दिलचस्प बात इसकी दो अलग-अलग दुनियाओं का टकराव है. एक तरफ शोहरत, ग्लैमर और स्टारडम की चमक-दमक है, तो दूसरी तरफ एक ऐसी महिला की कहानी है जो परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच खुद को कहीं न कहीं पीछे छोड़ चुकी है. यही विरोधाभास कहानी को गहराई और आकर्षण दोनों देता है, जो दर्शकों को आगे देखने के लिए बांधे रखता है. शो का संगीत और इसकी प्रस्तुति भी कहानी में नई ऊर्जा जोड़ते हैं. कॉन्सर्ट सीक्वेंस, फैंस की दीवानगी और सेलिब्रिटी लाइफ की झलक इसे मॉडर्न टच देती है, जबकि भावनात्मक और पारिवारिक दृश्य इसे भारतीय टेलीविजन की जड़ों से जोड़े रखते हैं. पहले एपिसोड में इन दोनों पहलुओं का संतुलन प्रभावशाली तरीके से उभरकर आता है. हालांकि ‘सैराब' अभी अपनी शुरुआत के चरण में है, लेकिन पहला एपिसोड अपने किरदारों और उनकी दुनिया को स्थापित करने में सफल रहता है. यह दर्शकों में एक सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है और आगे की कहानी के लिए उत्सुकता पैदा करता है. ‘सैराब' का प्रसारण हर दिन शाम 7:30 बजे स्टार प्लस पर किया जाता है.
ये भी पढ़ें- दूरदर्शन पर लौटे पुराने दिन, 25 साल पहले पॉपुलर कॉमेडी शो की वापसी, एक्ट्रेस बोलीं- कोई नहीं कर सकता रिप्लेस