यामी गौतम की नई नवेली इन दिनों चर्चा में है, जिसकी कहानी चुड़ैल की बताई जा रही है. हालांकि फिल्म के क्लाइमैक्स में कुछ अलग देखने को मिल रहा है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है. इसी बीच टीवी की चुड़ैल भी आने वाली है. दरअसल, सोनी सब पर अपकमिंग कॉमेडी शो ‘चुड़ैल चली ससुराल' के साथ दर्शकों के लिए हंसी, प्यार और जादुई उथल-पुथल से भरा मनोरंजन लेकर आने के लिए तैयार है. यह शो एक प्रिय कहानी को भारतीय अंदाज में पेश करता है, जिसमें रोजमर्रा के पारिवारिक पलों को जादुई और कल्पनात्मक दुनिया के साथ खूबसूरती से जोड़ा गया है. इस दिलचस्प कहानी के केंद्र में हैं अभिनेत्री हिबा नवाब, जो उर्वशी का किरदार निभाती नजर आएंगी. उर्वशी एक प्यारी और दिल जीत लेने वाली चुड़ैल है, जिसकी जादुई दुनिया से शादीशुदा जीवन तक की अनोखी यात्रा दर्शकों के लिए भरपूर मनोरंजन लेकर आएगी.
चुड़ैल चली ससुराल की कहानी
‘चुड़ैल चली ससुराल' उर्वशी की कहानी है, जो एक नेकदिल चुड़ैल है और अपने जादुई संसार से बढ़कर प्यार को चुनते हुए आरव पटेल और उसके परिवार के साथ एक नई जिंदगी की शुरुआत करती है. एक सामान्य इंसान की तरह जीवन जीने का संकल्प लेकर वह आगे बढ़ती है, लेकिन रोजमर्रा की कई परिस्थितियां उसके लिए आसान नहीं होतीं और वह अक्सर उनसे जूझती नजर आती है. उसकी नीयत हमेशा अच्छी होती है, लेकिन दूसरों की मदद करने के लिए समय-समय पर जादू का इस्तेमाल करने की उसकी आदत कई बार अप्रत्याशित और बेहद मजेदार उलझनों को जन्म दे देती है. एक ओर जहां शो की पृष्ठभूमि एक स्नेहभरे पारिवारिक माहौल में बुनी गई है, वहीं दूसरी ओर इसमें एक मनमोहक जादुई दुनिया भी देखने को मिलेगी. यह शो हास्य, भावनाओं और फैंटेसी का खूबसूरत मिश्रण पेश करने का वादा करता है. उर्वशी के रूप में दर्शकों को चुड़ैल की एक बिल्कुल नई छवि देखने को मिलेगी, जो दयालु, प्यारी और अपने प्रियजनों को हमेशा खुद से पहले रखने वाली है.
हिबा नवाब निभाएंगी चुड़ैल का किरदार
हिबा नवाब ने कहा, “‘चुड़ैल चली ससुराल' के साथ सोनी सब परिवार में वापसी करना मेरे लिए बेहद खास एहसास है. उर्वशी के किरदार की जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद आई, वह यह है कि वह चुड़ैल की आम छवि से बिल्कुल अलग है. वह प्यारी, मासूम है और हमेशा अपने दिल की सुनती है. हालात चाहे जैसे भी हो जाएं, उसकी नीयत हमेशा अच्छी होती है और यही बात उसकी यात्रा को इतना दिलचस्प और प्यारा बनाती है. मुझे यह बहुत पसंद है कि वह हर चीज से ऊपर प्यार और परिवार को चुनती है और लगातार एक बिल्कुल नई दुनिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश करती रहती है. यह शो हंसी, अपनापन और जादू के खूबसूरत तड़के से भरपूर है, और उर्वशी के किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाने में मुझे बहुत मजा आ रहा है. मैं बेहद उत्साहित हूं कि दर्शक उर्वशी से मिलें और इस मजेदार सफर का हिस्सा बनें.”
नई नवेली में यामी गौतम बनीं चुड़ैल
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में यामी गौतम की नई फिल्म रिलीज हुई है, जिसका नाम नई नवेली है. फिल्म में यामी मोहिनी की किरदार में है, जिसे देवर बंटू डायन या चुड़ैल समझता है क्योंकि वह कोई सामान्य महिला नहीं है. दरअसल, कहानी के अनुसार, वह रावण की पत्नी मंदोदरी की वंशज है, जो कालशील नाम के रत्न की रक्षा करती है. हालांकि अपने परिवार से वह बेहद प्यार करती है.
ये भी पढ़ें- CID के DCP चित्रोले अब दिखने लगे हैं ऐसे, वीडियो में बीपी सिंह को देख इमोशनल हुए फैंस, कहा- टाइम कितना बीत गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं