खाना खाने के बाद पेट फूल जाना एक आम समस्या है. कई बार खाली पेट रहने पर भी पेट फूला-फूला और भारी लगने लगता है. इसे ब्लोटिंग कहा जाता है. खासकर महिलाएं ब्लोटिंग की समस्या से ज्यादा परेशान रहती हैं. ब्लोटिंग होने पर न केवल असहजता का एहसास बढ़ जाता है, बल्कि कपड़े भी टाइट फील होने लगते हैं, जिससे फिर उठने-बैठने में भी परेशानी बढ़ जाती है. अब, अगर आप भी अक्सर इस तरह की समस्या का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. AIIMS और हार्वर्ड से प्रशिक्षित मशहूर डॉक्टर सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने ब्लोटिंग को कम करने का एक आसान और असरदार तरीका बताया है. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं पेट फूला हुआ लगे, तो क्या करें-
ब्लोटिंग होने पर क्या करें?
डॉक्टर सौरभ सेठी कहते हैं, ब्लोटिंग को कम करने के लिए आप सौंफ का सेवन कर सकते हैं. सौंफ न केवल खाने का जायका बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. खासकर पेट और पाचन से जुड़ी परेशानियों में सौंफ फायदा पहुंचाती है.
डॉक्टर के मुताबिक, सौंफ में एनेथोल (Anethole) नाम का एक खास कंपाउंड पाया जाता है. इसमें ऐसी प्रोपर्टीज होती हैं जो आंतों की मांसपेशियों को आराम देने में मदद कर सकती हैं. इससे गैस, पेट में ऐंठन और खाने के बाद होने वाली ब्लोटिंग में राहत मिल सकती है.
कैसे खाएं सौफ?एक्सपर्ट खाना खाने के बाद 1 छोटी चम्मच सौंफ को धीरे-धीरे चबाकर खाने की सलाह देते हैं. इससे अलग आप सौंफ की हर्बल टी बनाकर भी पी सकते हैं. इसके लिए आधा चम्मच सौंफ को हल्का-सा कूट लें. अब इसे एक कप गर्म पानी में डालें और 5 से 10 मिनट तक ढककर रखें. इसके बाद पानी को छानकर धीरे-धीरे पी लें.
इस तरह ये बेहद आसान और असरदार नुस्खा अपनाकर आप ब्लोटिंग की समस्या से राहत पा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- बालों के लिए सबसे अच्छा तेल कौन सा है? कौन सा तेल लगाने से बाल घने और लंबे होते हैं