मुस्कान हर किसी की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करती है. लेकिन अगर हंसते हुए पीले दांत नजर आ जाएं, तो यही मुस्कान कई बार शर्मिंदगी का कारण भी बन जाती है. दांत पीले हों या उन पर गंदगी जमा हों, तो कई लोग मुस्कुराते समय असहज महसूस करते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर योग गुरु और ऑथर हंसाजी योगेंद्र ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने पीले दांतों को साफ करने के कुछ आसान नुस्खे बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
दांतों का पीलापन साफ करने के लिए क्या करें?
वीडियो में हंसाजी योगेंद्र बताती हैं, अगर आपके दांत अचानक बहुत पीले नजर आने लगे हैं या दांतों पर पीला प्लाक जम गया है, तो इसे साफ करने के लिए आप कुछ असरदार तरीके अपना सकते हैं.
यह भी देखें-
हंसाजी योगेंद्र ने एक घरेलू मंजन बनाने का तरीका बताया है. इसके लिए एक चम्मच सेंधा नमक, एक चम्मच हल्दी पाउडरर और कुछ बूंद सरसों का तेल लें. तीनों चीजों को अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें. हंसाजी दिन में एक बार इस पेस्ट को ब्रश या उंगली पर लगाकर दांतों की सफाई करने की सलाह देती हैं. तैयार मंजन से करीब 2 से 3 मिनट तक धीरे-धीरे दांतों की सफाई करें और फिर साफ पानी से कुल्ला कर लें.
संतरे के छिलके से भी बना सकते हैं पेस्टहंसाजी बताती हैं, दांतों का पीलापन साफ करने के लिए आप संतरे के छिलकों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसके लिए संतरे के छिलकों को धूप में अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें. अब, थोड़े से पाउडर में एक-दो बूंद नारियल तेल मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को दांतों पर हल्के हाथ से करीब 2 मिनट लगाएं और फिर पानी से कुल्ला कर लें.
योग गुरु बताती हैं, संतरे के छिलके में डी-लिमोनीन नाम का एक तत्व होता है. ये दांतों की सतह पर मौजूद दागों को कम करने में मदद कर सकता है. वहीं, नारियल का तेल भी मुंह के हानिकारक बैक्टीरिया को कम करने में मदद करता है. ऐसे में दांतों की सफाई के लिए आप इस नुस्खे को आजमाकर देख सकते हैं.
ऑयल पुलिंग भी दिखाएगी असरइन सब से अलग दांतों पर जमे जिद्दी पीले प्लाक को साफ करने के लिए हंसाजी ऑयल पुलिंग करने की सलाह देती हैं. इसके लिए सुबह सोकर उठने के बाद करीब एक बड़ा चम्मच तेल मुंह में लेकर लगभग 15 मिनट तक धीरे-धीरे घुमाएं. इसके बाद तेल को थूक दे और फिर गुनगुने पानी से कुल्ला कर लें. ऑयल पुलिंग करने के लिए आप नारियल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं.
हंसाजी बताती हैं, आयुर्वेद में ऑयल पुलिंग के कई फायदे बताए गए हैं. ऑयल पुलिंग करने से न सिर्फ दांतों पर जमी पीली परत यानी प्लाक साफ हो सकता है, बल्कि इससे सांसों की बदबू दूर होती है और दांत प्राकृतिक रूप से चमकने लगते हैं. नारियल के तेल में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-माइक्रोबायल गुण होते हैं, जो मुंह में मौजूद कई प्रकार के बैक्टीरिया से लड़ने और ओरल हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
ऐसे में दांतों का पीलापन साफ करने के लिए आप इन आसान से नुस्खों को आजमाकर देख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- गर्म खाने से जीभ जल जाए तो तुरंत क्या करें? एक्सपर्ट ने बताया कैसे जल्दी होगी ठीक