घर पर सरसों की खली की खाद कैसे बनाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया पौधों में सरसों की खली कैसे डालें

गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने सरसों की खली की खाद बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे पौधों में सरसों की खली की खाद डालने से क्या होता है-

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सरसों की खली की खाद बनाने के लिए क्या चाहिए?
(Photo Credit: YouTube)

पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए पोषण बहुत जरूरी है. इसके लिए लोग बाजार से अलग-अलग खाद खरीदकर लाते हैं. खासकर सर्दियों के मौसम में सब्जियों और फूलों वाले पौधों की ग्रोथ धीमी हो जाती है और उन्हें ज्यादा पोषण की जरूरत होती है. अगर आप भी गार्डनिंग का शौक रखते हैं और अपने पौधों को सही पोषण देना चाहते हैं, तो बाजार से लाने की बजाय घर पर ही खाद बनाकर अपने पौधों में डाल सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने सरसों की खली की खाद बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे पौधों में सरसों की खली की खाद डालने से क्या होता है- 

सरसों की खली की खाद बनाने के लिए क्या चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, सरसों की खली की खाद बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं है. इसके लिए आपको करीब 1 किलो सरसों की खली, 5 लीटर पानी और एक बाल्टी चाहिए. 

सरसों की खली की खाद कैसे बनाएं?
  • इसके लिए सबसे पहले एक बाल्टी में 5 लीटर पानी लें और इसमें करीब 1 किलो सरसों की खली डालकर अच्छी तरह मिला दें. 
  • इसके बाद बाल्टी को ढककर किसी छायादार जगह पर 24 से 48 घंटे के लिए रख दें.
  • इससे सरसों की खली पानी में धीरे-धीरे घुलने और गलने लगेगी और पानी की सतह पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगेंगे.
  • 24 से 48 घंटे बाद इस घोल को किसी दूसरे बर्तन में छान लें. छानना जरूरी है, ताकि खाद के मोटे कण वाटरिंग कैन में न फंसें. इसके बाद इस घोल में जरूरत के अनुसार साफ पानी मिलाकर पतला कर लें.
  • इतना करते ही सरसों की खली की खाद तैयार हो जाएगी. बस ध्यान रखें कि खाद का घोल बहुत गाढ़ा नहीं होना चाहिए. बची हुई सरसों की खली को फेंकने की जरूरत नहीं है. आप इसे गमले की मिट्टी में थोड़ी मात्रा में मिला सकते हैं.
किन पौधों में डाल सकते हैं यह खाद?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, सरसों की खली की लिक्विड खाद का इस्तेमाल आप फूलों और सब्जियों वाले पौधों में कर सकते हैं. जैसे- गेंदे, टमाटर, ब्रोकली, पालक और चुकंदर जैसे पौधों में इसे दिया जा सकता है. इस खास में नाइट्रोजन की अच्छी मात्रा होती है और खासकर पत्तेदार सब्जियों को बढ़ने के लिए नाइट्रोजन की जरूरत होती है.

खाद डालते समय ध्यान रखें कि पौधे की मिट्टी में हल्की नमी हो. इसके बाद वाटरिंग कैन या मग की मदद से पौधे की जड़ों के आसपास धीरे-धीरे खाद डालें. 

Advertisement
इन बातों का रखें ध्यान 

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, सरसों की खली की खाद पौधों के लिए बहुत फायदेमंद होती है, लेकिन इसका इस्तेमाल सही मात्रा में करना जरूरी है. बहुत ज्यादा गाढ़ा घोल या अधिक मात्रा में खाद डालने से पौधों की जड़ों को नुकसान हो सकता है. इसलिए इन बातों का ध्यान रखें. साथ ही नए लगाए गए पौधों में इस खाद का इस्तेमाल न करें. 

इस तरह आप बड़ी आसानी से घर पर सरसों की खली की खाद बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- मच्छर भगाने के लिए किस चीज का धुआं करें? जानें घर से तुरंत मच्छर भगाने का सबसे असरदार तरीका

Advertisement
Featured Video Of The Day
राहुल गांधी ने टाला 'जन महाभियोग', बोले- बुजुर्ग सांसदों की सहूलियत के लिए कल होगा आयोजन
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं