अक्सर बालकनी, छत या दीवार की दरार में पीपल का पौधा उग जाता है. शुरुआत में यह छोटा सा एक-दो पत्ते दिखाई देता है, जो कुछ समय के लिए देखने में अच्छा लगता है, लेकिन अगर पीपल के पौधे को समय रहते नहीं हटाया जाए तो इसकी जड़ें फैलने लगती हैं, जो छत की दरारों और दीवारों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इससे घर भी कमजोर हो सकता है और दरारें ज्यादा बढ़ने से सीलन आदि की समस्या भी बढ़ जाती है. हालांकि, बहुत से लोग घर पर पीपल का पौधा दिखते ही ऊपर से उसे काट देते हैं, लेकिन इसे सिर्फ ऊपर से काटना काफी नहीं होता, क्योंकि पीपल की बची हुई जड़ें फिर दोबारा उग सकती हैं. ऐसे में इसे जड़ से खत्म करना चाहिए. अगर, आपके घर में भी पीपल का पौधा उग आया है, तो उसे हटाने के लिए ये 3 तरीके अपनाएं.
छोटा पौधा है तो जड़ समेत निकालें
अगर, आपके घर पीपल का पौधा अभी-अभी उगा है, तो उसकी जड़ें ज्यादा गहराई तक नहीं गई हैं. ऐसे में उसे जड़ सहित सीधे हाथ से निकाल दें. इसे निकालने के लिए पहले मिट्टी को थोड़ा गीला कर लें, जिससे जड़ आसानी से बाहर आ सके. इसके बाद पौधे को धीरे-धीरे पकड़कर हिलाएं और फिर निकालें. अगर, जड़ दरार में फंसी है, तो उसे खींचने के बजाय आसपास की मिट्टी या ढीला मलबा हटाएं. पौधे को हटाने के बाद उस जगह की सफाई करें और दरार को सीमेंट या किसी अन्य चीजों से बंद कर दें.
बड़ा पौधा हो तो माली की मदद लें
अगर, पीपल का पौधा बड़ा हो गया है या उसकी जड़ें छत, दीवार या पाइप के अंदर तक पहुंच गई हैं, तो उसे खुद खींचना नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में माली या किसी गर्डनिंग एक्सपर्ट की मदद लें. अगर, जड़ें बहुत गहराई तक फैल गई हैं, तो उन्हें हटाने के लिए आसपास की सतह का थोड़ा हिस्सा खोलना पड़ सकता है, ताकि पीपल की सारी जड़ें पूरी तरह के निकाली जा सकें.
नमक का उपाय
पीपल के पौधे को निकालने के लिए नमक का उपाय मददगार साबित हो सकता है. नमक किसी भी पौधे की जड़ों को सुखाने का सबसे पुराना और पक्का तरीका है. सबसे पहले दीवार पर उगे पीपल के पौधे को बिल्कुल जड़ के पास से काट लें. अब उस कटी हुई जगह की दरार में खूब सारा सादा नमक या सेंधा नमक अच्छी तरह से भर दें. नमक पौधे की नमी सोख लेता है और कुछ ही दिनों में जड़ अंदर तक सूखकर खत्म हो जाती है.
सफेद सिरके
पीपल को जड़ के पास से काटने के बाद, एक स्प्रे बोतल में बिना पानी मिलाए सीधा सफेद सिरका भरें और उसे जड़ों की जगह पर अच्छी तरह डाल दें. सिरके में मौजूद तेज एसिडिक गुण पौधे की जड़ों को तेजी से नष्ट कर देते हैं. इस उपाय को 2-3 दिन तक लगातार करें, जड़ें पूरी तरह जल जाएंगी और पौधा दोबारा कभी नहीं उगेगा.
नमक, चूना और फिटकरी
नमक, सफेद चूना और फिटकरी पीपल के पौधे को खत्म करने में मदद कर सकता है. नमक, सफेद चूना और फिटकरी को मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार करें. इस मिश्रण को पीपल के पौधे की उस जगह पर डालें जहां से जड़ दीवार की दरार में जा रही है. यह घोल जड़ के अंदर तक समाकर उसे हमेशा के लिए गला देता है.
यह भी पढ़ें:- घर से भगाएं कॉकरोच, मच्छर और छिपकली, कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए आसान घरेलू उपाय, मिनटों में दिखेगा असर
यह भी पढ़ें:- रसोई के गंदे और चिकनाई भरे तौलिए मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके