कंडे या उपले से गोबर की खाद कैसे बनाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया पौधे में गोबर की खाद कैसे डालें

गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने घर पर गोबर की खाद बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में, साथ ही जानेंगे पौधों में गोबर की खाद कैसे डालनी चाहिए-

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
घर पर गोबर की खाद कैसे बनाएं?
(Photo Credit: YouTube)

गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अपने घरों में कई अलग-अलग पौधे लगाते हैं. वहीं, इन पौधों की देखभाल के लिए खाद का इस्तेमाल भी जरूर करते हैं. खासकर सब्जियों, फूलों और फलों वाले पौधों को समय-समय पर पोषण की जरूरत होती है. अब, इसके लिए गोबर की खाद को बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसी कड़ी में गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल 'टेरेस गार्डन' पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने घर पर गोबर की खाद बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में, साथ ही जानेंगे पौधों में गोबर की खाद कैसे डालनी चाहिए- 

गोबर की खाद बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, गोबर की खाद बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए आपको- 

  • 4 से 5 सूखे गोबर के कंडे 
  • एक पानी से भरा टब
  • ढक्कन वाली एक प्लास्टिक की बाल्टी
  • 50 से 100 ग्राम गुड़ और एक कटोरी दही चाहिए. 

प्लास्टिक की बाल्टी के नीचे और ऊपर किनारों पर छोटे-छोटे छेद होने चाहिए, ताकि बाल्टी के अंदर हवा आती-जाती रहे और एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल सके.

घर पर गोबर की खाद कैसे बनाएं?
  • गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक बताते हैं, सबसे पहले गोबर के कंडों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. अब, इन्हें पानी से भरे टब में डालकर कम से कम 24 घंटे के लिए छोड़ दें. आप चाहें तो इन्हें 48 घंटे तक भी भिगो सकते हैं. इससे कंडे अच्छी तरह नरम हो जाएंगे और उन्हें तोड़ना आसान होगा.
  • अब, अपने हाथों में ग्लव्स पहनें और कंडों को पानी से निकालकर हाथों से बारीक चूरा बना लें. टब में जो पानी बचे, उसे भी फेंकने की जरूरत नहीं है. आप इस पानी को दो हिस्से नॉर्मल पानी में मिलाकर अपने पौधों में डाल सकते हैं. 
  • तैयार गोबर के चूरे को छेद वाली बाल्टी में भर दें. इसके बाद इसमें 50 से 100 ग्राम गुड़ और एक कटोरी दही मिलाएं. 
  • सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर बाल्टी को ढक्कन से ढक दें और इसे ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न आती हो और हवा का आना-जाना बना रहे. 
  • अब, आपको जब भी ये मिश्रण ज्यादा सूखा लगे, तब इसमें थोड़ा पानी डाल दें. ध्यान रखें कि आपको इसमें बहुत सारा पानी नहीं डालना है.
गोबर की खाद कितने दिनों में बन जाती है?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, खाद को हर तीन से चार दिन में खोलकर अच्छी तरह चलाते रहें. इससे हवा का संचार बना रहेगा और गोबर जल्दी सड़ेगा. आमतौर पर एक से डेढ़ महीने में खाद तैयार हो जाती है. गर्मियों के मौसम में खाद जल्दी बन जाती है, वहीं सर्दियों में इसे थोड़ा टाइम लगता है. अगर आपके पास पहले से तैयार गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट है तो आप थोड़ी मात्रा में उसे भी मिला सकते हैं. इससे खाद बनने की प्रक्रिया थोड़ी तेज हो जाती है.

कैसे पता चलेगा कि गोबर की खाद इस्तेमाल करने के लिए तैयार है?

इसे लेकर एक्सपर्ट कहते हैं, जब गोबर का पूरा मिश्रण काले रंग का हो जाए, उसकी पुरानी बनावट खत्म हो जाए और उसमें ताजे गोबर जैसी गंध न आए, तब समझें कि खाद तैयार हो रही है. इस्तेमाल करने से पहले यह भी देख लें कि खाद अंदर से गर्म न हो. पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही इसे पौधों में डालें.

Advertisement
गोबर की खाद किन पौधों में डालनी चाहिए?

इस खाद का इस्तेमाल आप फूलों, सब्जियों और फलों वाले लगभग सभी पौधों में कर सकते हैं. इसे गमले या ग्रो बैग की मिट्टी में मिलाया जा सकता है. पहले से लगे पौधों की मिट्टी के ऊपर भी थोड़ी खाद डालकर हल्के हाथों से मिला सकते हैं.

पौधों में कितनी मात्रा में गोबर की खाद डालनी चाहिए?

एक्सपर्ट के अनुसार, 15 इंच के ग्रो बैग में करीब 3-4 बड़े चम्मच खाद इस्तेमाल की जा सकती है. 

इस तरह आप बड़ी आसानी से घर पर ही गोबर की खाद बना सकते हैं और इसे पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. बस ध्यान रखें कि अधपके गोबर या कच्चे कंडों का चूरा सीधे गमले में न डालें. इनके सड़ने की प्रक्रिया में मिट्टी की ऑक्सीजन का इस्तेमाल हो सकता है, जिससे पौधों की जड़ों और ग्रोथ पर बुरा असर पड़ सकता है. इसलिए हमेशा पूरी तरह तैयार और ठंडी गोबर की खाद का ही इस्तेमाल करें. 

Advertisement

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- छिपकली भगाने वाला स्प्रे कैसे बनाएं? एक्सपर्ट ने बताया क्या छिड़कने से घर में नहीं दिखेगी एक भी छिपकली

Featured Video Of The Day
असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन, CM चेहरे का भी ऐलान! यूपी में नया मोर्चा तैयार
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं