8 हफ्तों में घर पर टमाटर कैसे उगाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया टमाटर के पौधे की ग्रोथ बढ़ाने के लिए क्या करें

बालकनी या टेरेस में उगाई गई ताजी सब्जियों की बात ही अलग होती है. अगर आप भी घर पर अपने हाथों से टमाटर उगाना चाहते हैं, तो आइए एक्सपर्ट से जानते हैं इसका सही तरीका-

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
टमाटर के बीज से पौधा कैसे उगाएं?
(Photo Credit: Freepik)

टमाटर का इस्तेमाल लगभग हर सब्जी को बनाने के लिए किया जाता है. इसे सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. ऐसे में आप चाहें तो अपने घर पर ही टमाटर का पौधा लगा सकते हैं और घर पर ताजे, हेल्दी टमाटर उगा सकते हैं. गार्डिंग एक्सपर्ट चेतना भल्ला ने अपने यूट्यूब चैनल पर टमाटर उगाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

घर पर कौनसी किस्म का टमाटर लगाया जाता है?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, घर पर गमले में लगाने के लिए बुशी या चेरी टमाटर की किस्म सबसे अच्छी होती है. खासकर चेरी टमाटर कम जगह में भी आसानी से बढ़ जाते हैं और इनसे अच्छी पैदावार मिल सकती है. देसी टमाटर को थोड़ी ज्यादा जगह और देखभाल की जरूरत पड़ सकती है.

टमाटर के बीज से पौधा कैसे उगाएं?

टमाटर के बीज से पौधा तैयार करना काफी आसान है. एक्सपर्ट बताती हैं, इसके लिए सबसे पहले सीड ट्रे या छोटे कप लें. इसमें कोकोपीट और परलाइट को बराबर मात्रा में भर लें. ध्यान रखें कि मिक्सचर पहले से थोड़ा नम हो. अब, हर सेल में एक-एक टमाटर का बीज रखें. बीज को बहुत गहराई में न दबाएं. इसके ऊपर हल्की सी कोकोपीट की परत डालें और धीरे से दबा दें, ताकि मिट्टी में हवा की खाली जगह न रहे.

इसके बाद हल्के हाथ से पानी दें और सीड ट्रे को ऐसी जगह रख दें जहां इसे पर्याप्त रोशनी मिल सके. शुरुआती दिनों में आपको इसे तेज धूप से बचाना है. मिट्टी को सूखने न दें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी भी न डालें. बीज से छोटा पौधा निकलने के बाद उसे मजबूत होने दें. जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए और उसमें अच्छी पत्तियां आ जाएं, तब उसे बड़े गमले या ग्रो बैग में लगाया जा सकता है.

Advertisement

यह भी देखें- 

टमाटर का पौधा कितने बड़े गमले में लगाना चाहिए?

चेतना भल्ला बताती हैं, टमाटर लगाने के लिए करीब 12 से 14 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग लें. गमले में पानी निकलने के लिए ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए. पानी जमा रहने पर पौधे की जड़ें गलने लगती हैं. इसलिए ड्रेनेज होल का खास ख्याल रखें. 

टमाटर के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?

एक्सपर्ट बताती हैं, मिट्टी तैयार करने के लिए 40 प्रतिशत गार्डन सॉयल में 40 प्रतिशत कंपोस्ट या वर्मी कंपोस्ट और 20 प्रतिशत रेत, कोकोपीट या परलाइट डालकर अच्छी तरह मिला लें. इतना करते ही आपकी मिट्टी तैयार हो जाएगी. लेकिन इसे सीधे गमले में न डालें. पहले गमले में नीचे थोड़े सूखे पत्ते और सूखी घास की एक परत बना लें. इससे मिट्टी की जरूरत थोड़ी कम होती है और धीरे-धीरे जैविक पदार्थ भी मिलता रहता है. इसके बाद गमले में मिट्टी डालें. अब, इस मिट्टी में बीज से तैयार किया गया टमाटर का पौधा लगाएं. ध्यान रखें कि टमाटर की जड़ें बहुत नाजुक होती हैं, इसलिए पौधे को ऊपर से खींचे नहीं. इसे धीरे से मिट्टी से निकालें और फिर गमले में लगाएं.

Advertisement
टमाटर के पौधे को कितनी धूप में रखें?

चेतना भल्ला बताती हैं, टमाटर के पौधे को रोज करीब 5-6 घंटे अच्छी धूप मिलनी चाहिए. कम धूप में पौधा लंबा तो हो सकता है, लेकिन फिर इसमें फूल और फल कम आते हैं.

टमाटर के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए?

इसे लेकर एक्सपर्ट कहती हैं, पानी देते समय जल्दबाजी न करें. टमाटर के पौधे को रोज पानी देने की जरूरत नहीं होती है. जब गमले में मिट्टी की ऊपरी परत सूखी लगे, इसे तब ही पानी दें. साथ ही पौधे को हमेशा सुबह के समय ही पानी दें. रात में पानी देने से फंगस लगने का खतरा ज्यादा रहता है.

टमाटर के पौधे में खाद कब और कितनी डालनी चाहिए?

चेतना भल्ला के मुताबिक, पौधा लगाने के बाद शुरुआती 15-20 दिनों तक इसमें अलग से खाद देने की जरूरत नहीं होती है. 20 दिन बाद बोन मील या रॉक फास्फेट दिया जा सकता है. आगे चलकर आप अपने गमले में कंपोस्ट टी या अच्छी तरह घुली हुई गोबर की खाद डाल सकते हैं. 

8 से 12 हफ्ते में दिखने लगते हैं फल

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताती हैं, पहले कुछ हफ्तों में पौधे को अच्छी धूप, सही पानी और सहारा देना जरूरी है. करीब तीसरे से पांचवें हफ्ते में पौधे में फूल आने शुरू हो सकते हैं. इसके बाद छोटे हरे टमाटर दिखने लगते हैं और लगभग 8 से 12 हफ्तों के बाद पौधे में पके हुए टमाटर आ जाते हैं. 

Advertisement

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर और थोड़ी सी देखभाल के साथ आप अपनी बालकनी या टेरेस पर टमाटर का पौधा लगा सकते हैं और घर में उगे ताजे टमाटर खा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- आंख में बार-बार कीचड़ आए तो क्या करें? एक्सपर्ट से जानें आंख के कोनों में सफेद गंदगी जमने से कैसे रोके

Advertisement
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News