अगर आपको अपने घर की छत या बालकनी में सब्जियां उगाने का शौक है तो भिंडी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. भिंडी का पौधा गमले या ग्रो बैग में आसानी से लगाया जा सकता है. साथ ही ये सब्जी सेहत के लिए भी काफी अच्छी मानी जाती है. गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने गमले में ढेर सारी भिंडी उगाने और इसके पौधे की देखभाल करने का आसान तरीका बताया है, आइए जानते हैं इसके बारे में-
गमले में भिंडी कैसे उगाएं?
गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, आप भिंडी को भीज से भी उगा सकते हैं, साथ ही नर्सरी से इसका पौधा लाकर भी गमले में लगा सकते हैं. आमतौर पर बीज को अंकुरित होने में 4 से 12 दिन लगते हैं. भिंडी गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ती है. 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान होने पर बीज लगाए जा सकते हैं. वहीं, पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए 30 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान अच्छा रहता है.
एक्सपर्ट बताते हैं, भिंडी के लिए ऐसी मिट्टी जरूरी है जिसमें पानी जमा न हो, लेकिन नमी बनी रहे. मिट्टी तैयार करने के लिए सबसे पहले अपने इलाके की मिट्टी लें और उसे छान लें. इसके बाद इसमें थोड़ी मात्रा में गोबर की खाद और कोकोपीट डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. आपको मिट्टी को हल्का और भुरभुरा रखना है, ताकि जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके.
भिंडी के पौधे को कितने बड़े गमले में लगाएं?गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, भिंडी की जड़ें नीचे तक जाती हैं, इसलिए इसका पौधा लगाने के लिए कम से कम 12 इंच गहरे गमले या ग्रो बैग का इस्तेमाल करें. आप 12 इंच के कंटेनर में 1 से 2 पौधे, 15 इंच के ग्रो बैग में 2 से 3 पौधे और 18 इंच के ग्रो बैग में करीब 4 से 5 पौधे लगा सकते हैं.
गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक के मुताबिक, भिंडी में लगातार फल आते हैं, इसलिए इसे पोषण की जरूरत भी ज्यादा होती है. अगर आप चाहते हैं कि आपके पौधे में भर-भरकर भिंडी आएं, तो पौधे में हर 20 दिन के अंतर पर गोबर की खाद, वर्मी कंपोस्ट या किचन कंपोस्ट जरूर डालें. खाद बदल-बदलकर देने से पौधे को अलग-अलग पोषक तत्व मिलते रहते हैं. गर्मियों में मिट्टी सूखने पर पानी देना जरूरी है. लेकिन गमले में पानी जमा न होने दें. इसके अलावा पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे भरपूर धूप मिल सके.
भिंडी के पौधे को कीड़ों से कैसे बचाएं?भिंडी में कीड़े न लगें, इसके लिए आप पौधे पर नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं. एक्सपर्ट बताते हैं, 3 से 5 एमएल नीम के तेल को एक लीटर पानी में मिलाकर उसमें थोड़ा लिक्विड सोप डालकर पौधे पर स्प्रे किया जा सकता है. इससे अलग आप लहसुन, अदरक और हरी मिर्च से बना जैविक स्प्रे भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
एक्सपर्ट कहते हैं, जब भिंडी करीब 3 से 4 इंच की हो जाए और अभी नरम हो, तब उसकी तुड़ाई कर लेनी चाहिए. ज्यादा देर पौधे पर छोड़ने से भिंडी सख्त हो जाती है और उसके स्वाद में भी फर्क पड़ सकता है.
इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर और सही देखभाल के साथ आप अपने घर पर ही भिंडी का पौधा लगा सकते हैं और गमले में ढेर सारी भिंडी उगा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- प्याज के छिलकों से खाद कैसे बनाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया इसे डालने से फूलों से लद जाएगा पौधा