आजकल बालों का झड़ना, कमजोर होना और उनकी ग्रोथ धीमी होना आम समस्या बन गई है. इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे- खराब लाइफस्टाइल, तनाव, नींद की कमी आदि. इससे अलग बालों की सही देखभाल न करने से भी हेयर क्वालिटी पर असर पड़ सकता है. अब, अपने बालों को वापस हेल्दी, शाइनी बनाने और बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके आजमाते हैं. इसके लिए कुछ लोग महंगे-महंगे हेयर केयर प्रोडक्ट यूज करते हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खों की मदद लेते हैं. मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा ने भी एक ऐसा ही नुस्खा बताया है.
न्यूट्रिशनिस्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बालों को लंबा, घना, मजबूत और शाइनी बनाने के लिए एक खास हेयर ऑयल की रेसिपी बताई है. आइए जानते हैं आप कैसे इस तेल को तैयार कर सकते हैं और इसे बालों में लगाने से आपको क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं.
चाहिए होंगी ये चीजें
- इस तेल को बनाने के लिए आपको 200 मिलीलीटर नारियल तेल
- 50 मिलीलीटर कैस्टर ऑयल
- 3 से 4 बड़े चम्मच मेथी दाना
- 2 बड़े चम्मच कलौंजी
- 2 से 3 बड़े चम्मच ड्राई रोजमेरी और
- और 1 कप ताजे करी पत्ते की जरूरत होगी.
- इसके लिए सबसे पहले एक पैन में नारियल तेल और कैस्टर ऑयल डालकर हल्का गर्म कर लें.
- अब, इसमें एक-एक कर सभी चीजें यानी मेथी दाना, कलौंजी, रोजमेरी और करी पत्ता डाल दें.
- सभी चीजों को धीमी आंच पर करीब 15 से 20 मिनट तक पकाएं. ध्यान रखें कि आपको गैस को बहुत तेज नहीं करना है, इससे तेल जल सकता है.
- तय समय बाद गैस बंद कर तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें.
- ठंडा होने के बाद इसे छानकर किसी साफ और सूखे कंटेनर में भर लें.
- किरण कुकरेजा के अनुसार, इस तेल को 2 से 3 महीने तक स्टोर करके रखा जा सकता है.
- न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, नारियल तेल बालों और स्कैल्प को मॉइस्चर देने में मदद करता है.
- कुछ रिपोर्ट्स के नतीजे बताते हैं कि कैस्टर ऑयल हेयर ग्रोथ या बालों की लंबाई बढ़ाने में मदद कर सकता है.
- मेथी के दानों में प्रोटीन और अमीनो एसिड होते हैं, जो भी बालों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. हमारे बाल प्रोटीन से ही बने होते हैं.
- कलौंजी में थाइमोक्विनोन और निगेलोन नामक तत्व होते हैं, जो स्कैल्प को पोषण देकर बालों का झड़ना कम कर सकते हैं.
- इन सब से अलग करी पत्ते में बीटा-कैरोटीन और एमिनो एसिड होते हैं, जो कुछ हद तक नए बालों को उगाने और बालों की लंबाई तेजी से बढ़ाने में मदद कर सकते हैं.
ऐसे में आप भी अपने बालों को लंबा, घना, शाइनी और मजबूत बनाने के लिए इस तेल को बनाकर लगा सकते हैं. तेल को हमेशा साफ बालों में लगाएं. 5 से 10 मिनट हल्के हाथों से मसाज करें और करीब 45 से 50 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से बालों को धो लें.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- डार्क स्किन टोन पर कौन से रंग की Nail Paint अच्छी लगती है? एक्सपर्ट ने बताए 5 खूबसूरत शेड्स