अपराजिता में ज्यादा फूल कैसे लाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया अपराजिता के पौधे को घना कैसे बनाएं

गार्डनिंग एक्सपर्ट तुषार जोशी ने अपराजिता के पौधे पर ज्यादा फूल लाने और इस पौधे की देखभाल करने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
अपराजिता के पौधे पर फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें?
(Photo Credit: NDTV)

घर में फूलों वाले पौधे लगाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. इनमें अपराजिता का पौधा सबसे आम है. ये पौधा न केवल घर की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है, बल्कि अपराजिता के फूलों के कई फायदे भी हैं. लोग इसके फूलों से हर्बल चाय बनाकर पीते हैं, स्किन केयर और हेयर केयर में भी अपराजिता के फूलों का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके अपराजिता के पौधे पर ज्यादा फूल नहीं आते हैं. अगर आपके पौधे के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट तुषार जोशी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल रूफटॉप ऑर्गेनिक्स पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपराजिता के पौधे पर ज्यादा फूल लाने और इस पौधे की देखभाल करने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

अपराजिता के पौधे को कितनी धूप चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अपराजिता के पौधे में अच्छी फ्लावरिंग के लिए धूप बहुत जरूरी है. अगर आपका पौधा हरा-भरा है, लेकिन उसमें फूल नहीं आ रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी जगह पर ध्यान दें. कोशिश करें कि पौधे को रोजाना 5 से 6 घंटे की धूप मिले. पर्याप्त धूप मिलने से पौधे की बढ़त अच्छी होती है और उसमें फूल भी ज्यादा आते हैं. 

अपराजिता के पौधे पर फूल नहीं आ रहे हैं तो क्या करें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, अपराजिता के पौधे में फलियां बनने लगती हैं. इन फलियों में बीज होते हैं. अगर आप अपने पौधे में ज्यादा फूल चाहते हैं, तो इन फलियों को समय-समय पर तोड़ते रहें. एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर आप इन फलियों को नहीं तोड़ेंगे, तो पौधा अपनी ज्यादा एनर्जी बीज बनाने में ही लगाता रहेगा, इससे पौधे पर फूल कम आने लगेंगे. इसलिए फूल बढ़ाने के लिए इन फलियों को तोड़ दें. 

अपराजिता के पौधे को घना कैसे बनाएं?

अब, अगर आपका पौधा लंबा तो हो रहा है, लेकिन पौधा घना नहीं है, तो इसके लिए एक्सपर्ट समय-समय पर पौधे की छटाई करने की सलाह देते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कई बार अपराजिता की बेल बहुत लंबी हो जाती है, लेकिन उसमें शाखाएं कम निकलती हैं. ऐसे में उसकी हल्की छंटाई करना फायदेमंद हो सकता है. छटाई करने से पौधे में नई शाखाएं आती हैं, इससे पौधा ज्यादा घना दिखता है.

Advertisement
अपराजिता के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, अपराजिता के पौधे को ऐसी मिट्टी पसंद है, जिसमें नमी बनी रहे. लेकिन इस पौधे को ज्यादा पानी नहीं चाहिए होता है. इसलिए पौधे में केवल तब ही पानी डालें, जब इसकी मिट्टी पूरी तरह सूखी हुई लगे. 

अपराजिता के पौधे में कौन सी खाद डालें?

एक्सपर्ट बताते हैं, इस पौधे को बहुत ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती है. खासकर ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद देने से पत्तियों की बढ़त बढ़ सकती है, लेकिन फिर पौधे में फूल कम आते हैं. इसलिए अपराजिता के पौधे में खाद संतुलित मात्रा में ही दें. आप इसमें थोड़ी मात्रा में डीएपी और केले के छिलकों से तैयार खाद डाल सकते हैं. केले के छिलकों में पोटैशियम समेत कई पोषक तत्व होते हैं, जो पौधे में ज्यादा फूल बढ़ाने में मदद करते हैं. 

Advertisement

इस तरह कुछ छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने अपराजिता के पौधे को घना बना सकते हैं और पौधे में ज्यादा फूल बढ़ा सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें-  केले के छिलके से फर्टिलाइजर कैसे बनाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया इस खाद को डालने से दोगुनी तेजी से बढ़ेगा पौधा

Featured Video Of The Day
अर्नब तूफान ने मचाई तबाही, 165 kmph की रफ्तार से चली हवा, पेड़ उखड़े, रेल ट्रैक डूबे
Topics mentioned in this article
Gardening Tips
Lifestyle News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं