जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे स्कूल, खेल और दोस्तों में मस्त रहते हैं, उसी उम्र में एक बच्चा फैशन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है. 10 साल के मैक्स एलेक्जेंडर ने पेरिस फैशन वीक में अपना कलेक्शन पेश कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इतनी कम उम्र में दुनिया के सबसे बड़े फैशन मंचों में से एक पर डिजाइन पेश करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. यही वजह है कि मैक्स को पेरिस फैशन वीक में शो करने वाले सबसे कम उम्र के डिजाइनर के रूप में देखा जा रहा है.
मैक्स की खास बात यह है कि वह सिर्फ डिजाइन नहीं बनाते, बल्कि अपने नाम से कपड़ों का एक छोटा ब्रांड भी चला रहे हैं. उनके साथ एक छोटी टीम काम करती है और सोशल मीडिया पर भी उनके काम को बड़ी संख्या में लोग फॉलो करते हैं. मैक्स का नाम पहली बार दुनिया भर में तब चर्चा में आया था, जब 2023 में उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे कम उम्र के फैशन डिजाइनर के रूप में दर्ज हुआ.
कॉलेज से इंस्टाग्राम तक छाया Gen-Z फैशन, लड़कियों के 5 स्टाइल जो आज सबसे ज्यादा ट्रेंड में हैं
इको फ्रेंडली है मैक्स का कलेक्शन
मैक्स के डिजाइन सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं हैं. वह ऐसे कपड़े बनाने की कोशिश कर रहे हैं जो पर्यावरण के लिए भी बेहतर हों. पेरिस में पेश किए गए उनके कलेक्शन में 15 ड्रेसेस शामिल थीं. इनमें से ज्यादातर कपड़े ऐसे मटेरियल से तैयार किए गए थे जिन्हें दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है या जो समय के साथ आसानी से नष्ट हो जाते हैं. मैक्स पुराने या बच गए कपड़ों के टुकड़ों का भी इस्तेमाल करते हैं. फैशन इंडस्ट्री में ऐसे कपड़ों को “डेड स्टॉक” कहा जाता है. आमतौर पर ये कपड़े कचरे में चले जाते हैं, लेकिन मैक्स उन्हें नए डिजाइन में बदल देते हैं.
तेजी से बढ़ रहा है उनका ब्रांड
कम उम्र के बावजूद मैक्स का ब्रांड तेजी से आगे बढ़ रहा है. उनके डिजाइन किए हुए बैग हाल ही में लॉन्च के कुछ ही समय बाद बिक गए. 2026 में पेरिस के मशहूर ओपेरा गार्निएर में जब उन्होंने अपना कलेक्शन पेश किया, तो उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए.
चार साल की उम्र से शुरू हुआ सफर
मैक्स का फैशन के प्रति झुकाव बहुत छोटी उम्र में ही दिखने लगा था. जब वह करीब चार साल के थे, तब घर में पड़े कपड़ों के टुकड़ों और रिबन से छोटे-छोटे डिजाइन बनाकर प्रयोग करने लगे थे. बाद में उनकी मां ने उनके काम को दिखाने के लिए सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाया. धीरे-धीरे लाखों लोग उनके डिजाइन देखने लगे और उनकी पहचान फैशन की दुनिया तक पहुंच गई. सात साल की उम्र में ही मैक्स ने अपना पहला छोटा फैशन शो भी आयोजित किया था. इसके बाद से वह लगातार नए डिजाइन बनाते हुए आगे बढ़ते रहे हैं. अब पेरिस फैशन वीक में उनका कलेक्शन पेश होना उनके सफर का एक और बड़ा पड़ाव माना जा रहा है.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा