UPPSC Result: यूपी पीसीएस की परीक्षा में देवरिया जिले के आधा दर्जन से ज्यादा होनहारों ने बाजी मारी है. चयनित अभ्यर्थियों में दो सगे भाई समेत तीन बेटियां भी शामिल हैं. रिजल्ट निकलने के बाद इन सभी के गांव में खुशी का माहौल है. परिजन मिठाई बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं. इन अभ्यर्थियों के परिजनों ने बताया कि आज उनकी मेहनत सफल हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि इन युवाओं ने गांव का नाम रोशन किया है. सबसे ज्यादा खुशी उस परिवार में है, जिसके दो बेटों ने अफसर बनकर पूरे परिवार का मान बढ़ाया है.
शिक्षक के दो बेटे एक साथ बने पीसीएस अधिकारी
लार विकास खंड के ग्राम बरडीहा परशुराम के रहने वाले अवध बिहारी सिंह देवरिया इंटर कालेज में शिक्षक हैं. उनके दो बेटे एक साथ पीसीएस परीक्षा में चयनित हुए हैं.अवध बिहारी के तीन बेटे हैं. सबसे बड़े अभिषेक सिंह, अनिमेश सिंह व छोटे अनिकेत हैं. अभिषेक सिंह आईआईटी मद्रास से पढ़ने के बाद सिविल परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. वहीं उनके छोटे भाई अनिमेश सिंह भी उनके साथ ही तैयारी कर रहे थे. दोनों भाइयों ने कड़ी मेहनत कर इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है. इन दोनों के पिता अवध बिहारी सिंह ने कहा कि मेरे घर में एक साथ बड़ी खुशियां आई हैं.
जिले की तीन बेटियां भी बनीं अफसर
बरहज विकास खंड के सतरांव की रहने वालीं आयुषिका यादव ने भी पीसीएस में बाजी मारी है. पथरदेवा विकास खंड के मलघोट विरैचा के रहने वाले अवनीश गोंड भी चयनित हुए हैं. इसी तरह लार विकास खंड के ही उकिना की अमृता कुमारी , रुद्रपुर विकास खंड के ग्राम महेशपुर के रहने वाले त्रिपुरेश मणि त्रिपाठी, भाटपाररानी विकास खंड के ग्राम खरोहवा की रहने वाली अनुष्का यादव, तरकुलवा उपनगर के रहने वाले अभिषेक यादव, बीआरडीबीडी पीजी कालेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मिलिंद यादव के भाई उत्पल आनंद यादव का भी चयन पीसीएस में हुआ है.