Supreme Court Menstrual Leave: सुप्रीम कोर्ट ने भारत में महिलाओं को पीरियड्स लीव (Menstrual Leave) देने की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान कई टिप्पणी भी की हैं. जिसमें कोर्ट ने कहा है कि इस तरह की याचिकाएं महिलाओं को कमजोर दिखा सकती हैं. साथ ही सीजेआई सूर्यकांत की बेंच ने ये भी कहा कि इससे कामकाजी महिलाओं को नुकसान भी हो सकता है. कंपनियां महिलाओं को जिम्मेदार पद देने से हिचक सकती हैं. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि दुनिया के वो कौन से देश हैं, जहां पीरियड्स के दौरान महिलाओं को छुट्टी मिलती है.
इंडोनेशिया (Indonesia)
इंडोनेशिया एक ऐसा देश है, जहां कई साल पहले से ऐसा नियम लागू है. यहां 1948 से ही यह कानून लागू है. यहां महिला कर्मचारियों को महीने में 2 दिन की पेड छुट्टी लेने का अधिकार दिया गया है.
जापान (Japan)
जापान भी इस मामले में काफी आगे है. यहां इंडोनेशिया से पहले ही 1947 से 'सेइरी क्युका' (Seiri Kyuka) का प्रावधान है, इसका मतलब मासिक धर्म में मिलने वाली छुट्टी होता है. हालांकि कंपनियों पर ये छोड़ा गया है कि वो इस दौरान पेड लीव देंगीं या फिर नहीं.
ताइवान (Taiwan)
ताइवान में 'जेंडर इक्वैलिटी इन एम्प्लॉयमेंट एक्ट' लागू है. यहां महिलाओं को लेकर काफी सख्त कानून बनाए गए हैं. इसमें महिलाओं को साल में 3 दिन की पीरियड लीव का प्रावधान है. हालांकि इस दौरान उन्हें आधी सैलरी दी जाती है.
दक्षिण कोरिया (South Korea)
साउथ कोरिया में भी महिलाओं को पीरियड्स के दौरान 1 दिन की छुट्टी मिलती है. साल 2001 से ये कानून यहां लागू है. सबसे खास बात ये है कि अगर कोई महिला ये छुट्टी नहीं लेती है तो उसे कंपनियां इसका एक्स्ट्रा पैसा भी देती हैं.
जाम्बिया (Zambia)
अफ्रीका के देश जाम्बिया में पीरियड्स लीव को मदर्स डे के नाम से जाना जाता है. 2015 में इसे लेकर कानून लाया गया था, जिसके बाद महिलाएं बिना किसी सूचना के महीने में एक दिन की छुट्टी ले सकती हैं.
वियतनाम (Vietnam)
महिलाओं को वियतनाम में पीरियड्स के दौरान कई चीजों की छूट दी जाती है. इस दौरान कामकाजी महिलाएं रोजाना 30 मिनट का ब्रेक या फिर तीन दिन की छुट्टी ले सकती हैं.
स्पेन (Spain)
स्पेन ने साल 2023 में इस पर कानून बनाया. यहां क्रैंप और तेज दर्द जैसी स्थिति में महिलाएं तीन से 5 दिन तक छुट्टी ले सकती हैं. खास बात ये है कि इस छुट्टी का खर्च सरकार उठाती है.
भारत में महिलाओं को किन राज्यों में मिलती है पीरियड्स लीव, इतने दिन की मिलती है छुट्टी