SpaceX President Gwynne Shotwell Salary: जब भी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की बात होती है तो इसमें एलन मस्क और एपल सीईओ टिम कुक जैसे नाम आते हैं. इनके अलावा सुंदर पिचाई से लेकर सत्य नडेला की सैलरी की भी खूब चर्चा होती है. हालांकि एक महिला ऐसी हैं, जिन्होंने इन तमाम दिग्गज CEO's को इस मामले में मात दे दी है. इस महिला का नाम ग्विन शॉटवेल है, जिन्होंने एक साल में 85.8 मिलियन डॉलर (करीब 800 करोड़ रुपये) की कमाई कर डाली. उनकी इस कमाई को लेकर काफी चर्चा हो रही है. आइए जानते हैं कि शॉटवेल कौन हैं और कहां नौकरी करती हैं.
सैलरी के अलावा यहां से हुई कमाई
दरअसल ग्विन शॉटवेल स्पेसएक्स (SpaceX) की प्रेसिडेंट हैं, जी हां, वही कंपनी जिसके मालिक एलन मस्क हैं. शॉटवेल ने पिछले साल कुल $85.8 मिलियन की कमाई की. इस कमाई ने उन्हें अमेरिका के सबसे महंगे अधिकारियों की सूची में शामिल कर दिया है. शॉटवेल कंपनी की प्रेसिडेंट होने के अलावा मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) भी हैं. उनकी सैलरी $1 मिलियन थी, लेकिन उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा कंपनी के स्टॉक ऑप्शन्स और रिवॉर्ड्स से आया है. यही वजह है कि उन्होंने अपने बॉस को भी पीछे छोड़ दिया है.
एलन मस्क की सैलरी भी कम
स्पेसएक्स (SpaceX) के बाकी अधिकारियों की बात करें तो कंपनी के सीएफओ (CFO) ब्रेट जॉनसन ने $9.8 मिलियन कमाए. वहीं, दुनिया के सबसे अमीर इंसान और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने $54,080 सैलरी ली, जो उनकी कंपनी में काम करने वालीं शॉटवेल से कम है. हालांकि मस्क की असली संपत्ति कंपनी के शेयरों में है और यहां सिर्फ सैलरी की बात हो रही है.
दिग्गजों को भी पछाड़ा
सैलरी के मामले में शॉटवेल ने दुनियाभर के कई दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है. इनमें माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ($79 मिलियन) और एपल के टिम कुक ($75 मिलियन) भी शामिल हैं. दुनिया की बाकी कंपनियों के सीईओ की सैलरी भी उनसे काफी ज्यादा कम है.
स्पेसएक्स में क्या करती हैं शॉटवेल?
भले ही लोग स्पेसएक्स को एलन मस्क के नाम से जानते हों, लेकिन इस बड़ी कंपनी को चलाने वाले कई दिग्गज लोग हैं. इनमें सबसे अहम भूमिका 62 साल की शॉटवेल निभाती हैं. मस्क के फ्यूचर विजन, जिनमें रॉकेट बनाने से लेकर स्पेस में सैटेलाइट्स भेजने जैसी चीजें शामिल हैं, उन सभी को हकीकत में बदलने का पूरा क्रेडिट इसी महिला को जाता है.
ये भी पढ़ें - एलन मस्क की कंपनी में कैसे मिलती है नौकरी, कितनी होती है सैलरी, कैसे करें Apply