Success Story Yashwant Sindhu: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शनिवार को RAS परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. इंटरव्यू प्रक्रिया खत्म होने के चंद घंटों के भीतर ही आयोग ने मेरिट लिस्ट जारी कर दी. इस परिणाम के साथ ही राजस्थान को 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिल गए हैं, जिनमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं.
परीक्षा परिणाम के वक्त स्कूल में छात्रों को रहे थे पढ़ा
इन सफल अभ्यर्थियों में जोधपुर के यशवंत संधू की कहानी सबसे अलग और प्रेरणादायक है. यशवंत वर्तमान में एक थर्ड ग्रेड शिक्षक के रूप में बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं. शनिवार को जब परीक्षा परिणाम आया, तब भी वे स्कूल की कक्षा में विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे. वहीं उन्हें सूचना मिली कि उन्होंने पूरे प्रदेश में 11वीं रैंक हासिल कर अपने प्रशासनिक अधिकारी बनने के सपने को सच कर दिया है. अब उनका अगला लक्ष्य UPSC की तैयारी कर भारतीय प्रशासनिक सेवा का हिस्सा बनना है.
साल 2023 की RAS परीक्षा में मिली थी असफलता
यशवंत ने बताया कि साल 2023 की RAS परीक्षा में उन्हें असफलता हाथ लगी थी. उस समय वे थोड़े निराश जरूर हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया और प्रतिदिन 15 से 16 घंटे स्वयं अध्ययन किया. स्कूल की ड्यूटी के बाद वे अपना पूरा समय किताबों और करंट अफेयर्स को देते थे. खास बात यह है कि यशवंत ने इस बड़ी सफलता के लिए किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया.
माता-पिता, बहन और पत्नी को दिया सफलता का श्रेय
अपनी जीत का श्रेय यशवंत ने अपने माता-पिता, बहन और पत्नी को दिया है, जिन्होंने उनकी पढ़ाई के दौरान निरंतर सहयोग किया. सफलता के बाद यशवंत के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. यशवंत ने अन्य अभ्यर्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जो अभ्यर्थी पहले प्रयास में असफल हो जाते हैं, उन्हें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए. निरंतर अध्ययन और खुद पर विश्वास ही सफलता की कुंजी है.