झारखंड में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है. शुरुआत में छात्रों की मांग सिर्फ परीक्षा रद्द करने की थी, लेकिन CID की जांच आगे बढ़ने के साथ मामला अब बड़ा होता जा रहा है. जांच में आयोग के अधिकारियों, परीक्षा कराने वाली निजी कंपनी, उसके कर्मचारियों, बिचौलियों और कुछ अभ्यर्थियों की भूमिका सामने आई है. सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है वो है अभय तिवारी, जिसने कुछ ही साल में एक साथ कई सरकारी नौकरियां निकालीं और अब सीआईडी के रडार पर आ गया है. अभय तिवारी के परिवार से कई लोगों के सरकारी नौकरी में होने की भी बात सामने आ रही है, जिसे लेकर जांच शुरू हो चुकी है.
परीक्षा कराने वाली कंपनी से अभय तिवारी का लिंक
अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी का नाम प्रदर्शन और जांच में लगातार सामने आ रहा है. तिवारी गोड्डा में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर सरकारी नौकरी कर रहा था. इसके साथ ही उसका संबंध परीक्षा कराने वाली निजी कंपनी TSR Data Processing Private Limited यानी TDPL से भी बताया गया है. वह कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम करता था.
परिवार के लोगों को भी मिली सरकारी नौकरी
एक ही व्यक्ति का सरकारी नौकरी में होने के साथ परीक्षा कराने वाली कंपनी से जुड़ा होना CID की जांच का अहम हिस्सा है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि तिवारी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और परीक्षा की प्रक्रिया में उसकी क्या भूमिका थी. जांच से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार अभय तिवारी ने JSSC-CGL परीक्षा में 48वीं रैंक हासिल की थी. उसके भाई अक्षय तिवारी और भाई की पत्नी सुष्मा कुमारी के भी इसी परीक्षा में चयनित होने की बात सामने आई है. इसके बाद छात्रों ने CGL परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है.
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी भी अभय तिवारी के पोस्टर लेकर खड़े दिख रहे हैं. उनके हाथ में मौजूद पोस्टरों में अभय तिवारी के साथ उन तमाम लोगों का नाम लिखा गया है, जो उसके रिश्तेदार या फिर परिवार से बताए जा रहे हैं.
अभ्यर्थियों से लिए गए लाखों रुपये
मामले में पेपर लीक और पैसे के लेन-देन के आरोप भी सामने आए हैं. CID की पूछताछ से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार बोकारो में करीब 15 अभ्यर्थियों से परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर देने के नाम पर लगभग 12-12 लाख रुपये लिए गए. इस हिसाब से करीब 1.80 करोड़ रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है. ये भी आरोप है कि परीक्षा से पहले करीब 65 सवाल और उनके जवाब कुछ अभ्यर्थियों को दिए गए और उन्हें याद कराया गया. अगर जांच में ये आरोप सही साबित होते हैं तो मामला सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक बड़े नेटवर्क के तौर पर देखा जा सकता है. हालांकि, इन आरोपों की अभी अदालत में पुष्टि नहीं हुई है.
परीक्षा कराने वाली कंपनी पर भी उठे सवाल
परीक्षा कराने वाली कंपनी TDPL की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 20 मई 2025 को TDPL को ब्लैकलिस्ट और डी-लिस्ट किया था. इसके बावजूद बाद में JPSC में कंपनी को काम मिलने की प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई. आरोप है कि खुली निविदा के बजाय नामांकन के आधार पर कंपनी को काम दिया गया. उस समय JPSC की परीक्षा नियंत्रक की ओर से इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताए जाने की बात भी सामने आई है.
लगातार हो रहीं गिरफ्तारियां
इसी मामले में JPSC की तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है. TDPL के निदेशक रामवीर सिंह भी गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं. CID ने TDPL के रांची और लखनऊ स्थित कार्यालयों को सील कर वहां मौजूद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू की है. मामले में CID ने लगातार गिरफ्तारियां की हैं. शुरुआती दौर में श्वेता गुप्ता, रामवीर सिंह, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद एबाद और अभय तिवारी को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद अरविंद मंडल समेत कई अन्य लोग भी जांच के घेरे में आए.
4 अगस्त को उमेश कुमार, बुद्धेश्वर भगत और रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. इसके अगले दिन 5 अगस्त को पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते के कंप्यूटर ऑपरेटर, तीन छात्र और एक अन्य आरोपी शामिल बताए गए. इसके बाद 10 अगस्त को CID ने JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले उनसे कई बार पूछताछ हो चुकी थी. उनके सरकारी आवास और JPSC कार्यालय समेत कई जगहों पर छापेमारी भी की गई थी. अब तक कुल 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
अभय तिवारी ने लगाए खियांग्ते पर आरोप
पूछताछ से जुड़ी एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अभय तिवारी ने JPSC के चेयरमैन पद पर रहे एल खियांग्ते पर TDPL को काम दिलाने के बदले करीब दो करोड़ रुपये लेने और 20 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाया है. हालांकि खियांग्ते पहले यह कह चुके हैं कि TDPL को ब्लैकलिस्ट किए जाने की जानकारी उन्हें कंपनी के चयन के समय नहीं थी.
अभय तिवारी और TDPL की भूमिका सामने आने के बाद अब JSSC-CGL परीक्षा भी सवालों के घेरे में है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए. छात्र परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं. हालांकि सरकार फिलहाल JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के पक्ष में नहीं है. सरकार का कहना है कि परीक्षा की प्रक्रिया अदालतों की निगरानी में हुई थी और कई चयनित अभ्यर्थी अभी नौकरी कर रहे हैं. ऐसे में पूरी परीक्षा को रद्द करना कानूनी रूप से आसान नहीं होगा.
ये भी पढ़ें - कौन से हैं वो 52 भारतीय संस्थान, जिन्हें QS वर्ल्ड रैंकिंग में मिली है जगह- पूरी लिस्ट