- आईएएस जयश्री जैन को छत्तीसगढ़ सरकार ने सक्ती जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है
- जयश्री जैन ने सरकारी स्कूल से शिक्षा प्राप्त कर कड़ी मेहनत से आईएएस अधिकारी बनने का प्रेरणादायक सफर तय किया है
- बिलासपुर की अपर कलेक्टर और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध संचालक के रूप में कार्य कर चुकी हैं
IAS Jayshree Jain Sakti Collector: आईएएस अधिकारी जयश्री जैन अब छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की नई कलेक्टर बन गई हैं. उनके कलेक्टर बनने पर न केवल छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर, बल्कि राजस्थान के बीकानेर जिले के गंगाशहर के लोगों को भी बेहद गर्व हो रहा है. छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने 18 अगस्त 2026 को 22 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए संयुक्त सचिव (वन और जलवायु परिवर्तन विभाग) पद पर तैनात आईएएस जयश्री जैन को सक्ती जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है.
जयश्री जैन के गंगाशहर की बेटी
21 फरवरी 1979 को जन्मीं आईएएस जयश्री जैन मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के गंगाशहर की रहने वाली हैं. वह गंगाशहर निवासी तोलाराम मालू की बेटी और मालचंद की पुत्रवधू हैं. तोलाराम मालू का परिवार कई दशक पहले छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में आकर बस गया था. वर्तमान में जयश्री अपने सीए पति जयंत के साथ रायपुर में रहती हैं.
जयश्री की शुरुआती शिक्षा विश्रामपुर के सरकारी स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने होली क्रॉस कॉलेज से उच्च शिक्षा हासिल की और पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया. कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद जयश्री वर्ष 2005 में राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बनीं. इसके बाद वे पदोन्नत होकर 2016 बैच की आईएएस बनीं. उन्हें सूरजपुर से आईएएस बनने वाली पहली महिला होने का गौरव भी प्राप्त है.
यह भी पढ़ें- IAS तनुजा सलाम: एयर होस्टेस बनने वाली थीं, बन गईं कलेक्टर! रात को थाने में नपवाया पुलिसकर्मियों का BP
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में पहली बार: हर तीसरे जिले में महिला कलेक्टर,जानिए कौन हैं ये 12 लेडी IAS अफसर?