Job Hugging: क्या आप भी अपनी बोरिंग नौकरी को सिर्फ इसलिए ढो रहे हैं, क्योंकि बाहर मंदी का डर है? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. आज के समय में काम का तरीका तेजी से बदल रहा है. पिछले कुछ सालों में 'क्वॉइट क्विटिंग' (Quiet Quitting) और 'मूनलाइटिंग' (Moonlighting) जैसे भारी-भरकम शब्द सुनने को मिले हैं, लेकिन 2025-26 के इस दौर में एक नया ट्रेंड आ गया है, जिसे'Job Hugging' कहा जा रहा है. आइए जानते हैं इसका मतलब क्या है और क्यों आजकल इतनी चर्चा में है.
'Job Hugging' क्या है
अगर आसान शब्दों में कहें, तो ये अपनी मौजूदा नौकरी को 'कसकर गले लगा लेने' जैसा है. यानी भले ही आप अपनी जॉब से खुश न हों या आपको वहां कुछ नया सीखने को न मिल रहा हो, फिर भी आप उसे छोड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे. लोग अपनी पुरानी और जानी-पहचानी नौकरी को छोड़कर किसी नई कंपनी में जाने का रिस्क नहीं लेना चाहते हैं. भले ही वहां पूरी तरह खुश न रहें. इसे ही 'जॉब हगिंग' कहते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, इसके एक नहीं कई कारण है. लोगों को लगता है कि 'जो हाथ में है, वो सही है.' मार्केट में छंटनी (Layoffs) और AI के आने से पैदा हुई अनिश्चितता ने लोगों को डरा दिया है और नई जगह पर नए लोग और नए माहौल में एडजस्ट होने का तनाव लेने से बेहतर लोग पुरानी बोरियत को ही चुन रहे हैं.
डेटा क्या कहता है
'Monster 2025 Job Hugging Report' के अनुसार, हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये कोई छोटी-मोटी बात नहीं है. करीब 75% कर्मचारी 2027 तक अपनी मौजूदा नौकरी में ही बने रहना चाहते हैं. 48% लोगों ने माना कि वे खुश होने की वजह से नहीं, बल्कि फाइनेंशियल डर की वजह से नौकरी नहीं बदल रहे. मजे की बात यह है कि 55% लोगों को लगता है कि बड़े उम्र के लोग (Gen X) जॉब हगिंग ज्यादा कर रहे हैं, जबकि युवाओं में ये डर थोड़ा कम है.
लोग नई नौकरी से क्यों भाग रहे हैं
1. एक्सपर्ट्स के अनुसार, पहले जैसी अंधाधुंध भर्तियां अब नहीं हो रही हैं. जब बाहर मौके कम दिखते हैं, तो इंसान अपनी सीट बचाना ही बेहतर समझता है.
2. महंगाई की मार की वजह से घर की किश्तें और बढ़ते खर्चों के बीच सैलरी रुकने का रिस्क कोई नहीं लेना चाहता है.
3. AI का खौफ भी लोगों में बढ़ रहा है. तकनीक जिस तरह बदल रही है, लोगों को लगता है कि नई जगह शायद वो टिक न पाएं, इसलिए पुरानी जगह की 'सीनियरिटी' का फायदा उठाना चाहते हैं.
क्या जॉब को 'हग' करना नुकसानदेह है
एक्सपर्ट्स कहते हैं, सिक्के के दो पहलू होते हैं. अगर आप एक ही जगह सालों-साल बिना किसी ग्रोथ के टिके हैं, तो इसके कुछ नुकसान भी हो सकते हैं. क्योंकि अक्सर कंपनी बदलने पर ही बड़ी हाइक (Hike) मिलती है. एक ही बोरिंग काम रोज करने से आप मेंटली थक सकते हैं. जब आप नए चैलेंजेस नहीं लेते, तो आपकी ग्रोथ रुक जाती है.