BPSC Interview Dress Code: किसी भी बड़े एग्जाम के बाद जब इंटरव्यू की बारी आती है तो इसे लेकर लोग काफी नर्वस हो जाते हैं. खासतौर पर जब बात लोक सेवा आयोग के इंटरव्यू की हो तो इसके लिए लोग पहले कई तरह की चीजें सर्च करते हैं. कई लोगों को लगता है कि IAS-PCS के लिए होने वाले इंटरव्यू में नया कोट-पैंट और टाई पहनकर ही जाना चाहिए. आमतौर पर लोग करते भी ऐसा ही हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस इंटरव्यू के लिए ऐसा कोई भी ड्रेस कोड जरूरी नहीं है? बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के एग्जाम कंट्रोलर ने खुद बताया है कि इंटरव्यू के दौरान कैसे कपड़े पहनने चाहिए.
BPSC ने शेयर किया वीडियो
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक पॉडकास्ट की क्लिप शामिल है. इस क्लिप में राजेश कुमार सिंह नजर आ रहे हैं, जो बिहार लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक हैं. जब उनसे पूछा गया कि इंटरव्यू में किस तरह के कपड़े पहनने चाहिए और बोर्ड किस चीज पर ज्यादा ध्यान देता है. इस सवाल के जवाब में परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इंटरव्यू के दौरान क्या-क्या चीजें जरूरी हैं.
क्या है इंटरव्यू का ड्रेस कोड?
बिहार लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने बताया, इसमें कोई ड्रेस कोड जैसी चीज नहीं है. फॉर्मल पहनना अनिवार्य नहीं है, आप कुछ भी पहनकर आ सकते हैं, लेकिन एक डीसेंट ड्रेस होनी जरूरी है, जिससे आप अफसर लायक नजर आएं. कपड़े धुले हुए और प्रेस होने चाहिए. कोट, पैंट या फिर टाई पहनकर आना जरूरी नहीं है. आप शर्ट-पैंट भी पहनकर आ सकते हैं.
शेप में होनी चाहिए दाढ़ी
BPSC के परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि अगर आप दाढ़ी रखते हैं तो बेतरतीब बढ़ा हुई नहीं होनी चाहिए, वो सही शेप में कटी होनी चाहिए. महिलाओं को भी साड़ी या सूट पहनकर आना चाहिए, एक डिसेंट परिधान में दिखना चाहिए. हम जानते हैं कि रूरल बैकग्राउंड से भी काफी लोग आते हैं, जो कोट-पैंट या टाई में नहीं हो सकते हैं. हालांकि एक साफ सुथरा कपड़ा पहनकर आना चाहिए, क्योंकि पहला इंप्रेशन जरूरी होता है और इसमें परिधान एक जरूरी हिस्सा होता है.
दिल्ली पुलिस में ACP और अब UPSC में 42वीं रैंक, चंपारण की अपूर्वा वर्मा की सक्सेस स्टोरी