हिंदू धर्म में सुबह की शुरुआत भगवान के स्मरण से करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच और ईश्वर के नाम से करने से मन को शांति मिलती है और फिर पूरा दिन शांति में और खुशी-खुशी निकल जाता है. वहीं, मां लक्ष्मी को धन, सुख और समृद्धि की देवी माना जाता है. ऐसे में कई लोग सुबह उठते ही मां लक्ष्मी का ध्यान करते हैं. इसी को लेकर मशहूर एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने मां लक्ष्मी का एक सिद्ध मंत्र बताया है. एस्ट्रोलॉजर कहती हैं कि रोज सुबह उठते ही अपनी हथेलियों को देखते हुए इस मंत्र का जाप करने से लक्ष्मी मां की कृपा बनी रहती है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
सुबह उठते ही किस मंत्र का जाप करें?
एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर के मुताबिक, सुबह बिस्तर से उठने के बाद सबसे पहले अपनी दोनों हथेलियों को जोड़कर अपने सामने लाएं. इसके बाद हथेलियों को देखते हुए मन को शांत करें, अच्छे विचार लाएं और फिर सच्ची श्रद्धा से एक खास मंत्र का जाप करें-
मंत्र इस प्रकार है-
कराग्रे वसते लक्ष्मीः करमध्ये सरस्वती।
करमूले तु गोविन्दः प्रभाते करदर्शनम्॥
मंत्र का जाप करते समय मन को शांत रखें और श्रद्धा के साथ भगवान का स्मरण करें.
एस्ट्रोलॉजर बताती हैं, हमारी हथेली के आगे वाले हिस्से में मां लक्ष्मी, बीच में मां सरस्वती और हथेली के मूल यानी निचले हिस्से में भगवान गोविंद का वास माना जाता है. मां लक्ष्मी धन और समृद्धि की देवी हैं, जबकि मां सरस्वती ज्ञान, बुद्धि और विद्या की देवी मानी जाती हैं. भगवान गोविंद भगवान विष्णु का रूप हैं. ऐसे में इस मंत्र के जाप मात्र से आपको मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान विष्णु तीनों की कृपा मिल सकती है.
साक्षी ठाकुर रोज सुबह 21 या 108 बार इस मंत्र का जाप करने की सलाह देती हैं. वे बताती हैं कि ये एक सिद्ध मंत्र है, सुबह उठते ही इस मंत्र का जाप करने से आपको अपने जीवन में कई अच्छे परिणाम देखने को मिल सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- घर में जरूर रखें ये 5 चीजें, एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने बताया धन से भरा रहेगा भंडार, वास्तु दोष भी होगा ठीक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं