8 hours ago

Chhath Puja 2026 Celebrations LIVE Updates: देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है. छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है. चार दिनों तक चलने वाला महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए समर्पित होता है. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में छठ पूजा का विशेष महत्व है. इस पर्व में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना के साथ कठिन व्रत रखते हैं. छठ पूजा की सबसे खास बात यह है कि इसमें भगवान सूर्य को डूबते और उगते, दोनों स्वरूपों में अर्घ्य दिया जाता है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और उषा अर्घ्य के साथ इसका समापन होता है. इस साल छठ पूजा का महापर्व कल यानी 13 नंवबर से शुरू हो रहा है. ऐसे में नहाय-खाय का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और सभी जरूरी जानकारी के लिए जुड़ें रहें NDTV के साथ....

Nov 12, 2026 19:27 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: नहाय-खाय के दिन क्या करें और क्या न करें?

  • सुबह जल्दी उठकर स्नान करें
  • घर की अच्छी तरह साफ-सफाई करें 
  • इस दिन व्रती और परिवार के अन्य सदस्या भी सात्विक भोजन ही ग्रहण करें
  • इस दिन तामसिक भोजन (मांस, मदिरा, प्याज, लहसुन) का सेवन भूलकर भी न करें
  • इस दिन किसी के लिए मन में कोई नकारात्मक विचार न लाएं और क्रोध से बचें
     
Nov 12, 2026 18:27 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा में क्यों दिया जाता है डूबते सूर्य को अर्घ्य?

हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना गया है. सूर्य से ही पृथ्वी पर प्रकाश, गर्मी और ऊर्जा मिलती है. पेड़-पौधों से लेकर इंसानों और दूसरे जीवों तक, सभी का जीवन सूर्य पर निर्भर करता है. यही वजह है कि प्राचीन समय से ही सूर्य की उपासना करने की परंपरा चली आ रही है. छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना इसी कृतज्ञता और सम्मान की भावना को दर्शाता है. इस पर्व में तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया जाता है. इस तरह सूर्य के अस्त और उदय, दोनों अवस्थाओं की पूजा की जाती है.
 

Nov 12, 2026 18:07 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पर किन नियमों का करें पालन

  • नहाय-खाय के दिन से व्रती को साफ और नए कपड़े पहनने चाहिए.
  • नहाय खाए से छठ का समापन होने तक व्रती को जमीन पर ही सोना चाहिए. व्रती जमीन पर चटाई या चादर बिछाकर सो सकते हैं.
  • घर में तामसिक और मांसाहार वर्जित है. इसलिए इस दिन से पहले ही घर पर मौजूद ऐसी चीजों को बाहर कर देना चाहिए और घर को साफ-सुथरा कर देना चाहिए.
  • शराब, धुम्रपान आदि न करें. किसी भी तरह की बुरी आदतों को करने से बचें.
  • साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें. पूजा की वस्तु का गंदा होना अच्छा नहीं माना जाता.
  • महिलाएं माथे पर सिंदूर जरूर लगाएं. सिंदूर नाक से लेकर पूरी मांग भरने की परंपरा है.
  • किसी भी वस्तु को छूने से पहले हाथ जरूरत धोएं.
     
Nov 12, 2026 17:55 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा सामग्री

प्रसाद रखने के लिए बांस की दो तीन बड़ी टोकरी

बांस या पीतल के बने तीन सूप, लोटा, थाली, दूध और जल के लिए ग्लास

नए वस्त्र साड़ी-कुर्ता पजामा, चावल, लाल सिंदूर, धूप और बड़ा दीपक, पानी वाला नारियल

गन्ना जिसमें पत्ता लगा हो, सुथनी और शकरकंदी, हल्दी और अदरक का पौधा

नाशपाती और बड़ा वाला मीठा नींबू, जिसे टाब भी कहते हैं

शहद की डिब्बी, पान और साबुत सुपारी, कैराव, कपूर, कुमकुम, चन्दन, और कई तरह की मिठाई की जरूरत होती है.
 

Advertisement
Nov 12, 2026 17:13 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा साल में कितनी बार होती है?

छठ पूजा साल में दो बार मनाई जाती है. पहली बार चैती छठ के रूप में, जो चैती महीने में आता है, और दूसरी बार कार्तिक महीने में, जिसे कार्तिक छठ कहते हैं. इसमें व्रतियों की श्रद्धा और समर्पण ही पूजा का मूल है. निर्जला उपवास, सूर्य को अर्घ्य देना और पवित्रता के नियमों का पालन भक्तों की भक्ति और संयम की परीक्षा है.

Nov 12, 2026 16:24 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा को किन-किन नामों से जाना जाता है?

छठ पूजा को भारत के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है. सबसे आम नाम है छठ पूजा, लेकिन इसे छठी पूजा, डाला पूजा, छठ मईया पूजा, सूर्य षष्ठी, कार्तिक छठ, चैती छठ और रवि षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है. इस पर्व में बांस से बने सूप और डाले का खास महत्व है, इसी वजह से इसे डाला छठ भी कहा जाता है.
 

Advertisement
Nov 12, 2026 16:11 (IST)

छठ पूजा से कर्ण और द्रौपदी का कनेक्शन

छठ पूजा की परंपरा को महाभारत की कुछ प्रमुख कथाओं से भी जोड़कर देखा जाता है. इनमें सूर्य पुत्र कर्ण और द्रौपदी से जुड़ी मान्यताएं प्रमुख हैं. लोक कथाओं के अनुसार, कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे. वे प्रतिदिन नदी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे. इसके साथ ही जरूरतमंदों को दान भी देते थे. सूर्य उपासना के प्रति उनकी गहरी आस्था के कारण उन्हें छठ पूजा से जोड़कर देखा जाता है. महाभारत में द्रौपदी से जुड़ी एक कहानी भी प्रचलित है. कहा जाता है कि महाभारत काल में वनवास के दौरान द्रौपदी ने सूर्य देव की आराधना की थी. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर सूर्य देव ने उन्हें अक्षय पात्र प्रदान किया था, जिससे पांडवों को भोजन की समस्या से राहत मिली. हालांकि, द्रौपदी द्वारा वर्तमान स्वरूप में छठ व्रत किए जाने का स्पष्ट ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है.
 

Nov 12, 2026 15:15 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पर गंगा की मिट्टी का महत्व

कटिहार में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच गंगा की मिट्टी की मांग भी बढ़ गई है. मनिहारी गंगा घाट पर इन दिनों आस्था की अनोखी तस्वीर देखने को मिल रही है. यहां श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने के साथ गंगा की मिट्टी भी अपने घर लेकर जा रहे हैं. खास बात यह है कि बिहार के अलावा बंगाल और नेपाल से भी लोग गंगा की मिट्टी खरीदने मनिहारी पहुंच रहे हैं. दरअसल, छठ महापर्व में शुद्धता का विशेष महत्व है. खरना पूजा के लिए मिट्टी का चूल्हा बनाया जाता है. मान्यता है कि इस चूल्हे पर गंगा की मिट्टी का लेप लगाने से पूजा की पवित्रता और बढ़ जाती है. इसी चूल्हे पर खरना का प्रसाद तैयार किया जाता है. यही वजह है कि गंगाजल के साथ गंगा की मिट्टी भी श्रद्धालुओं की पूजा सामग्री का अहम हिस्सा बनी हुई है.
 

Nov 12, 2026 15:12 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठी मैया की आरती

जय छठी मैया ऊ जे केरवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए ।।

ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय।
ऊ जे नारियर जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए॥

मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥

अमरुदवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए॥

ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय।
शरीफवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए॥

मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥

ऊ जे सेववा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए।
मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए॥

ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय।
सभे फलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मंडराए॥

मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए।
ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय॥

Nov 12, 2026 15:00 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: नहाय-खाय के दिन किन बातों का रखें ध्यान

नहाय-खाय से ही घर में खानपान की शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. व्रती आमतौर पर दिन में एक बार सात्विक भोजन करते हैं. हालांकि, खानपान और पूजा से जुड़े कुछ नियम परिवार और क्षेत्र की परंपरा के अनुसार अलग हो सकते हैं. ऐसे में अपनी परंपरा के अनुसार नियमों को फॉलो करें.

Advertisement
Nov 12, 2026 14:52 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: नहाय-खाय की क्या है विधि?

नहाय-खाय के दिन सुबह जल्दी उठकर व्रती स्नान करते हैं. परंपरा के अनुसार, कई लोग नदी या तालाब में स्नान करते हैं. वहीं, जो लोग जलाशय तक नहीं जा पाते, वे घर पर ही स्नान करके पूजा की तैयारी करते हैं. इसके बाद पूरे घर, आंगन और रसोई की अच्छी तरह साफ-सफाई की जाती है. इस दिन शुद्धता का खास ध्यान रखा जाता है. भोजन बनाने के लिए साफ बर्तनों और चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है. स्नान और साफ-सफाई के बाद व्रती छठ व्रत का संकल्प लेते हैं और सात्विक भोजन तैयार करते हैं.

Nov 12, 2026 14:42 (IST)

छठ पूजा का प्रसाद क्या होता है?

छठ पूजा में ठेकुआ सबसे प्रमुख प्रसाद होता है. इसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है. इसके अलावा केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और अन्य पारंपरिक पकवान भी पूजा में शामिल किए जाते हैं. प्रसाद को बांस के सूप और दउरा में सजाकर घाट तक ले जाने की परंपरा है.
 

Advertisement
Nov 12, 2026 14:30 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा क्यों होती है?

छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यता है कि सूर्य देव की उपासना से परिवार में सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है. इस पर्व की सबसे अनोखी परंपरा डूबते सूर्य को अर्घ्य देना और अगले दिन उगते सूर्य की पूजा करना है. ये प्रकृति के प्रति आभार और जीवन के हर चरण के सम्मान का प्रतीक भी माना जाता है.

Nov 12, 2026 14:28 (IST)

Chhath Puja 2026 LIVE Updates: छठ पूजा नहाय-खाय पर क्या बनता है?

इस दिन कद्दू-भात बनाया जाता है और इसे बनाने के भी कुछ खास नियम और तरीके भी हैं. कई घरों में इस पावन भोजन को आधुनिक गैस चूल्हे की बजाय मिट्टी के चूल्हे पर आम की सूखी लकड़ियां जलाकर पकाया जाता है, जिससे खाने में एक सौंधी सी महक आती है, इसके अलावा, खाना पकाने के लिए बिल्कुल नए या खास तौर पर साफ किए हुए पीतल और कासे के बर्तन ही काम में लिए जाते हैं.

Nov 12, 2026 14:25 (IST)

छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर

नहाय-खाय, 13 नवंबर, शुक्रवार

छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है. इस दिन व्रती स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं. कद्दू-भात और चने की दाल का विशेष महत्व है.

खरना, 14 नवंबर, शनिवार

दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा. व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद बनाकर पूजा करते हैं. प्रसाद ग्रहण करने के बाद कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है.

संध्या अर्घ्य, 15 नवंबर, रविवार

तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. व्रती बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य प्रसाद सजाकर नदी, तालाब या छठ घाट पर पहुंचते हैं.

उषा अर्घ्य और पारण, 16 नवंबर, सोमवार

चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. पूजा और प्रार्थना के बाद व्रती पारण करके अपना व्रत पूरा करते हैं.

Nov 12, 2026 14:21 (IST)

छठ पूजा कब और कैसे हुई शुरू?

धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं के अनुसार इसकी जड़ें प्राचीन सूर्य उपासना की परंपरा में मिलती हैं. वैदिक परंपरा में सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का प्रमुख स्रोत माना गया है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण भगवान सूर्य के बड़े भक्त थे. मान्यता है कि वे नियमित रूप से सूर्य की उपासना करते थे. एक अन्य कथा में द्रौपदी द्वारा पांडवों के कल्याण के लिए सूर्य पूजा करने का उल्लेख मिलता है. हालांकि, इन कथाओं को छठ पर्व की शुरुआत का प्रमाणित ऐतिहासिक विवरण नहीं माना जा सकता.

Featured Video Of The Day
2027 World Cup को लेकर Chetan Sharma ने Gautam Gambhir एंड कंपनी को दी सलाह
Topics mentioned in this article
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026 LIVE