Vaibhav Suryvanshi board exam 2026 : भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों हर तरफ छाए हुए हैं. हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबको अपना मुरीद बनाने वाले वैभव को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आई है. वैभव इस साल अपनी 10वीं की बोर्ड परीक्षा (CBSE 10th Board Exam) नहीं देंगे. पहले ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि वैभव अपनी पढ़ाई और क्रिकेट के बीच तालमेल बिठाकर परीक्षा देंगे, लेकिन अब स्कूल प्रशासन और उनके परिवार ने साफ कर दिया है कि वैभव इस बार परीक्षा नहीं देंगे. ऐसे में लोगों के दिमाग में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वैभव मई में होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षाएं दे पाएंगे?
क्या दूसरा बोर्ड एग्जाम दे पाएंगे सूर्यवंशी?
इसका जवाब है, नहीं. क्योंकि सीबीएसई बोर्ड नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत साल में दो बार बोर्ड एग्जाम कराने का उद्देश्य छात्रों को अपना अंक सुधारने का मौका देना है. यानी आप पहले बोर्ड एग्जाम के नंबरों से संतुष्ट नहीं हैं तो फिर दूसरे बार्ड एग्जाम में शामिल होकर अपना स्कोर बेहतर कर सकते हैं. कुल मिलाकर दूसरे बोर्ड एग्जाम में शामिल होने के लिए आपको पहला बोर्ड एग्जाम देना अनिवार्य है.
पिता ने कहा- 'अभी सिर्फ क्रिकेट पर फोकस'
वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वैभव का पूरा ध्यान अभी केवल क्रिकेट और अपनी ट्रेनिंग पर है. उनका शेड्यूल इतना व्यस्त है कि वह परीक्षा की तैयारी के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं. उनके पिता ने कहा, "अभी वैभव ट्रेनिंग में बिजी है और वह 17 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल नहीं होगा. अब वह अगले साल बोर्ड की परीक्षा देगा."