RBSE 10th Result: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं के रिजल्ट मंगलवार दोपहर जारी कर दिए हैं. वहीं रिजल्ट के जारी आंकड़े बताते हैं कि इस बार भाषाई विषयों में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि गणित और विज्ञान में अपेक्षाकृत अधिक चुनौती देखने को मिली है. हालांकि चुनौती वाली विषयों में स्कोर करने से ही छात्रों का रिजल्ट अच्छा आया है. इसके साथ व्यावसायिक शिक्षा में आईटी एंड आईटीईएस विषय में भी छात्रों का अच्छा प्रदर्शन करना अच्छे संकेत हैं.
हिंदी सबसे मजबूत गणित रही सबसे कमजोर
मुख्य विषयों में हिंदी 98.82% पास प्रतिशत के साथ सबसे आगे रही. सामाजिक विज्ञान में 96.24% और विज्ञान में 95.28% विद्यार्थी सफल रहे. अंग्रेजी का परिणाम 94.35% रहा, जबकि संस्कृत (मुख्य विषय) में 93.81% छात्र उत्तीर्ण हुए. गणित इस बार सबसे चुनौतीपूर्ण विषय साबित हुआ जहां पास प्रतिशत 92.00% दर्ज किया गया. हालांकि गणित और विज्ञान दोनों में ही कई विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक हासिल कर अपनी मेधा का प्रदर्शन भी किया.
हाई स्कोर ने बढ़ाया भरोसा
विज्ञान और गणित जैसे कठिन विषयों में भी छात्रों के 100 में से 100 अंक हासिल करना इस बात का संकेत है कि मेधावी विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट समझ मजबूत हो रही है.
व्यावसायिक विषयों में आईटी का दबदबा
व्यावसायिक शिक्षा में आईटी एंड आईटीईएस विषय ने 98.18% के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. ऑटोमोटिव में 97.29%, एपेरल मेड होम फर्निशिंग में 96.77% और रिटेल में 96.42% छात्र सफल रहे. कृषि विषय में 90.62% परिणाम दर्ज किया गया, जो अन्य व्यावसायिक विषयों की तुलना में कम रहा.
विषयवार आंकड़े बताते हैं कि छात्रों की भाषाओं पर पकड़ लगातार मजबूत हो रही है. वहीं गणित अब भी चुनौती बना हुआ है जिससे स्पष्ट है कि इस विषय में शिक्षण पद्धति को और सरल व प्रभावी बनाने की जरूरत है.
व्यावसायिक विषयों में बेहतर परिणाम यह संकेत दे रहे हैं कि छात्र अब पारंपरिक पढ़ाई के साथ स्किल आधारित शिक्षा की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः RBSE 10th Result Out 2026: राजस्थान बोर्ड 10वीं रिजल्ट में चेष्टा शर्मा ने किया Top, इतने नंबर लाकर रचा इतिहास