NEET UG रिजल्ट के इंतजार के बीच NEET-PG 2026 की तारीख का ऐलान किया गया है. नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने बताया है कि देशभर के अलग-अलग एग्जाम सेंटर्स पर होने वाली ये परीक्षा 30 अगस्त, 2026 को आयोजित की जाएगी. पहले माना जा रहा था कि इस परीक्षा में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन अब तारीख और शेड्यूल जारी कर दिया गया है. परीक्षा कंप्यूटर-आधारित मोड (CBT) में होगी.
नोट कर लीजिए ये जरूरी तारीखें
- ऑनलाइन आवेदन की तारीख: 1 जुलाई (शाम 5 बजे से) से लेकर 21 जुलाई (रात 11:55 बजे तक)
- परीक्षा के शहर की जानकारी: 11 अगस्त, 2026
- नतीजों की घोषणा: 30 सितंबर, 2026
उम्मीदवारों को दी गई है ये सलाह
NBEMS की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो ध्यान से पीडीएफ पढ़ें और जल्दबाजी में अपना आवेदन फॉर्म जमा न करें. इस बार कई तरह के बदलाव भी किए गए हैं. मुख्य तौर पर शहरों के अलॉटमेंट और आधार वेरिफिकेशन के नियमों में बदलाव हुआ है. इस बार पहले आओ पहले पाओ के आधार पर शहर का अलॉटमेंट नहीं होगा. रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने पसंद का शहर चुनना होगा. इसमें तीन अलग विकल्प देने जरूरी हैं. यानी जल्दबाजी में फॉर्म भरने का इस बार कोई फायदा नहीं होगा.
इसके अलावा उम्मीदवारों को अपनी नई फोटो यानी हाल ही में ली गई फोटो को अपलोड करना होगा. फोटो तीन महीने से पुरानी नहीं होनी चाहिए. अगर फोटो ब्लर है या फिर एडिट की गई है तो फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है. धोखाधड़ी से बचने के लिए नियमों में सख्ती की गई है. वहीं इस बार फाइनल सबमिशन के बाद फॉर्म में किसी तरह के बदलाव का मौका नहीं दिया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को ध्यान से अपनी हर जानकारी भरनी होगी.
आधार वेरिफिकेशन जरूरी
इस बार नीट पीजी के लिए आधार वेरिफिकेशन (Aadhaar-based verification) को अनिवार्य किया जा रहा है. परीक्षा के दिन उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन होगा, इसीलिए उन्हें मेहंदी, स्याही या पेंट से बचने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें - IIT में इस ब्रांच के छात्रों पर बरसते हैं करोड़ों रुपये, तमाम IITs में सबसे बड़े प्लेसमेंट ऑफर