MP Board Result 2026: रोजगार सहायक की बेटी ने रचा इतिहास, पन्ना की 'प्रतिभा' की चमक से रोशन हुआ मध्य प्रदेश

एमपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट में पन्ना की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक पाकर प्रदेश में टॉप किया है. जानें प्रतिभा की सफलता की कहानी और पन्ना जिले का रिजल्ट.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जिला शिक्षा विभाग की योजना अधिकारी दर्शना साखरे ने बताया कि यह जिला प्रशासन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का फल है.

MP Board Result 2026 OUT : कहते हैं कि पन्ना की धरती सिर्फ बेशकीमती हीरे ही नहीं उगलती, बल्कि यहां ऐसी अनमोल प्रतिभाएं भी जन्म लेती हैं जो अपनी चमक से पूरे प्रदेश को रोशन कर देती हैं. इस कहावत को सच कर दिखाया है पन्ना जिले की गुन्नौर तहसील के छोटे से गांव हिनौती की बेटी प्रतिभा सिंह सोलंकी ने. माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश (MPBSE) द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड के नतीजों में प्रतिभा ने जो कर दिखाया, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है. प्रतिभा ने कुल 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे मध्य प्रदेश की मेरिट (Merit List) में पहला स्थान हासिल किया है.

साधारण परिवार, असाधारण सफलता

एक साधारण परिवार से आने वाली प्रतिभा के पिता ग्राम रोजगार सहायक हैं. संसाधनों की कमी के बावजूद प्रतिभा ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण हो, तो सुख-सुविधाएं सफलता के आड़े नहीं आतीं. जैसे ही नतीजों की घोषणा हुई, हिनौती गांव में जश्न का माहौल छा गया. अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिभा ने कहा कि यह उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है.

 बेटी की उपलब्धि पर भावुक पिता ने कहा, "यह उसकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का मीठा फल है." प्रतिभा शुरू से ही मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग को दिया है.

पन्ना जिले का शानदार प्रदर्शन

प्रतिभा की इस उपलब्धि ने पन्ना जिले का मान पूरे प्रदेश में बढ़ाया है. पन्ना जिले के परिणामों पर नजर डालें तो:

मेरिट लिस्ट: 10वीं की मेरिट लिस्ट में जिले के कुल 10 छात्रों ने जगह बनाई है, वहीं 12वीं में 2 छात्र मेरिट में रहे.

Advertisement

रिजल्ट प्रतिशत: पन्ना जिले का कक्षा 10वीं का रिजल्ट 75.78% और कक्षा 12वीं का रिजल्ट 77.94% रहा.

जिला शिक्षा विभाग की योजना अधिकारी दर्शना साखरे ने बताया कि यह जिला प्रशासन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का फल है. प्रतिभा की सफलता आज प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई है.

रिपोर्ट-विवेक सोनी

Featured Video Of The Day
Amravati: नाबालिग लड़कियों का शोषण करने वाले आरोपी की अवैध संपत्ति पर Bulldozer Action | BREAKING