Bihar Result out 2026 : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड के आदर्श राजकीय उच्च विद्यालय कांचा की छात्रा मौसम कुमारी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 485 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है. मौसम की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
पिता हैं ट्रक ड्राइवरमौसम कुमारी एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता देव नारायण राय कोलकाता में ट्रक चालक के रूप में कार्य करते हैं और अपनी मेहनत की कमाई से बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं. उनकी माता सीता देवी गृहिणी हैं. तीन भाई-बहनों में मौसम सबसे बड़ी हैं और शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं.
यह भी पढ़ें - Bihar board result out 2026 : बिहार बोर्ड की टॉपर पुष्पांजलि बनना चाहती हैं साइंटिस्ट, मैथ्स के टीचर हैं पिता
मौसम बनना चाहती हैं IASमौसम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए बताया कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही वह यह मुकाम हासिल कर पाई हैं. उन्होंने कहा कि उनका सपना आगे चलकर IAS अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करने का है.
मौसम की इस सफलता पर उनके घर में जश्न का माहौल रहा. उनकी माता ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. वहीं दादा राम बाबू राय, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राज कुमार झा, किरानी अमर कुमार, मुखिया रंजीत कुमार, पूर्व मुखिया रमाकांत राय, डॉ. अरविंद राय, उपेंद्र राय सहित कई ग्रामीणों और शिक्षकों ने मौसम को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मौसम की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में गर्व का माहौल है और वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं.