JEE Main 2026 Session 2 Result Timeline: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 के दूसरे सेशन की परीक्षा 2 से 8 अप्रैल के बीच आयोजित की थी. यह परीक्षा देश-विदेश के 566 केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में कराई गई, जिसमें करीब 11.23 लाख छात्र शामिल हुए. NTA ने एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी. पोस्ट में लिखा, B.E./B.Tech (पेपर 1) के लिए देश में लगभग 11.06 लाख और विदेश में 4,229 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इस पेपर में करीब 93% उपस्थिति दर्ज की गई. वहीं B.Arch और B.Planning (पेपर 2) के लिए देश में करीब 54,953 और विदेश में 270 छात्रों ने आवेदन किया, जिसमें करीब 73% छात्र परीक्षा में शामिल हुए.
परीक्षा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ चुनौतियां भी सामने आईं. रियाद में बिजली बाधित होने के कारण एक दिन की परीक्षा को आगे बढ़ाना पड़ा. वहीं मिडिल ईस्ट के कुछ इलाकों में प्रभावित छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र और तारीखों में बदलाव किया गया. मणिपुर में इंटरनेट पाबंदी के बीच भी परीक्षा आयोजित की गई.
इस दिन जारी होगी आंसर की
परीक्षा की तारीखों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ टकराव से बचाने की कोशिश की गई, हालांकि कई छात्रों के लिए दोनों परीक्षाओं की तैयारी एक साथ करना चुनौती बना रहा. अब छात्रों की नजर आगे की प्रक्रिया पर है. 9 अप्रैल तक प्रश्नपत्र जारी किए जाएंगे, जबकि 11 अप्रैल तक आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट आने की उम्मीद है. इसके बाद छात्र निर्धारित शुल्क के साथ आपत्ति दर्ज करा सकेंगे.
कब आएगा रिजल्ट
JEE Main 2026 के दूसरे सेशन का रिजल्ट 20 अप्रैल तक आने की संभावना है. रिजल्ट में दोनों सेशन में मिले बेहतर स्कोर को आधार माना जाएगा.
परीक्षा खत्म होने के साथ अब छात्रों और अभिभावकों के लिए सबसे बड़ा इंतजार रिजल्ट और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया को लेकर है.