गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (IP यूनिवर्सिटी) के ऑनलाइन कोर्स के एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) और बैचलर ऑफ कॉमर्स (BCom) कोर्स में जो उम्मीदवार दाखिला लेना चाहते हैं, वो आवेदन कर दें. ये कोर्स तीन साल के हैं और पहला बैच 15 सितंबर से शुरू किया जाएगा. बता दें कि ये प्रोग्राम यूनिवर्सिटी के 'सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन' के जरिए चलाए जाएंगे. सबसे खास बात की दोनों प्रोग्राम नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के तहत मल्टीपल एंट्री और एग्जिट सिस्टम के तहत है.
कितनी है फीस
यूनिवर्सिटी ने 24 अगस्त को अपने द्वारका कैंपस में दो कोर्स के लिए एडमिशन ब्रोशर जारी किया है. जिसके अनुसार इन कोर्स के लिए छात्रों को हर सेमेस्टर 15,000 रुपये फीस देनी होगी. वहीं यूनिवर्सिटी आने वाले समय में ओर ऑनलाइन कोर्स शुरू करने की प्लानिंग भी कर रही है. वाइस-चांसलर महेश वर्मा के अनुसार IP यूनिवर्सिटी का ऑनलाइन एजुकेशन की तरफ ये पहला कदम है. जिन छात्रों के घर के आसपास ये यूनिवर्सिटी नहीं है, ऑनलाइन कोर्स के जरिए यूनिवर्सिटी को उन स्टूडेंट्स तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
जल्द और कोर्स भी किए जाएंगे शुरू
इतना ही नहीं यूनिवर्सिटी तीन और प्रोग्राम शुरू करने की भी योजना बना रही है. जो कि मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन और हेल्थकेयर मैनेजमेंट में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा शामिल हैं. ये कोर्स ऑनलाइन मोड में करवाए जाएंगे.
IP यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कॉलेजों के फैकल्टी सदस्यों ने इन प्रोग्राम्स के लिए स्टडी मटीरियल तैयार करने में मदद की है. ऑनलाइन BBA और BCom कोर्स SWAYAM-इनेबल्ड लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए कराए जाएंगे. छात्रों को रिकॉर्ड किए गए लेक्चर, इलेक्ट्रॉनिक स्टडी मटीरियल और हर हफ्ते लाइव क्लास की सुविधा दी जाएगा. जो छात्र ऑनलाइन कोर्स करना चाहते हैं, उनके लिए ये अच्छा विकल्प है.