प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया है. यह एक्सप्रेसवे करीब ₹11,970 करोड़ की लागत से बना है, और 210 किमी लंबा है. इस एक्सप्रेसवे की काफी चर्चा है क्योंकि ना केवल इससे दिल्ली-देहरादून पहुंचने का समय कम लगेगा बल्कि यहां से पर्यावरण और वन्यजीवों के नजारे ले पाएंगे. पर क्या आप जानते हैं कि देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे कौन सा है.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हुआ
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से शुरू होगा और देहरादून तक पहुंचेगा. इसकी खास बात ये है कि इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से केवल 2.5 घंटों में दिल्ली से देहरादून पहुंचा जा सकेगा. जबकि इससे पहले यह सफर पूरा करने में करीबन 6 घंटे का समय लगता था.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे क्यों है खास
इस एक्सप्रेसवे की खास बात यह है कि यह राजाजी नेशनल पार्क से होकर गुजरता है. जिससे यहां से यात्रा करने वाले पर्यावरण और वन्यजीवों के नजारे ले पाएंगे. नेशनल पार्क में 12 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बनाया गया है. हाथियों के लिए 200 मीटर लंबे 2 अंडरपास, अन्य जानवरों के लिए 6 क्रॉसिंग बनाई गई हैं.
दुनिया में सबसे ज्यादा बोले जाने वाला शब्द कौन सा है, कैसे हुई थी इसकी शुरुआत, जानें हर बात
ये है देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे
देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे. ये 1386 किमी लंबा है. यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ता है. इस सड़क ने 24 घंटे के सफर को 12 घंटे कर दिया है. यह एक्सप्रेसवे करीबन 6 राज्यों को जोड़ता है- दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र. हाइवे पर कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं, इनमें एटीएम, पार्किंग, रिचार्ज स्टेशंस, डॉरमेट्री, हॉस्पिटल्स, फूड कोर्ट, फ्यूल स्टेशन समेत कई तरह की सुविधाएं शामिल हैं.
दिल्ली के बाद एक्सप्रेसवे हरियाणा में प्रवेश करता है. इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात होते हुए महाराष्ट्र में एंट्री करता है. इन राज्यों में जो रिजर्व फॉरेस्ट हैं, वहां पर जानवरों को कोई नुकसान न हो, इसका खास ख्याल इस मेगा प्रोजेक्ट में रखा गया है.
यह पूरा एक्सप्रेसवे 8 लाइन का है, लेकिन भविष्य में जरूरतों का ध्यान रखते हुए इसे 12 लाइनों में तब्दील किया जा सकता है. यहां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाई जा सकती हैं. जिससे लंबी दूरी भी जल्दी कवर हो जाती है.
इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा के दौरान कई जगहों पर टोल टैक्स चुकाना होता है. कुल दूरी और मार्ग की संरचनाओं के आधार पर टोल टैक्स वसूला जाता है. जैसे अगर मार्ग में पुल है तो वहां टोल टैक्स ज्यादा होगा. दिल्ली से जयपुर जाने के लिए एक तरफा टोल 585 रुपये हो सकता है. वहीं, गुरुग्राम सोहना रोड पर स्थित घामडौज टोल प्लाजा पर कार से एक तरफ से 115 रुपये का टोल टैक्स लग सकता है.