CBSE verification results 2026 : सीबीएसई (CBSE) 12वीं के रिजल्ट जारी होने के बाद से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले ऑन-स्क्रीन मार्किंग में गड़बड़ी और ब्लर आंसर-शीट की शिकायतें आ रही थीं, लेकिन अब एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने बोर्ड की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बार मामला है कॉपी की मिसमैच का. जहां वेदांत नाम के स्टूडेंट को किसी और की आंसर शीट भेज दी गई. जिसकी शिकायत उसने एक्स एकाउंट पर की तो उसे पहले ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. हालांकि बाद में वेदांत के भाई ने एक्स पर पोस्ट कर ट्रोलर्स को फटकार लगाई. इसके बाद सीबीएसई ने इस पूरे मामले को पर एक्शन लेते हुए अपनी गलती मान ली है, और परिवार को आश्वसत किया है कि जल्द ही सही फोटोकॉपी उपलब्ध कराएगा.
क्या है पूरा मामला दरअसल, अपने नंबरों से असंतुष्ट होकर वेदांत ने नियमानुसार स्क्रूटनी के लिए अप्लाई किया था. वेदांत के भाई सिद्धांत श्रीवास्तव ने NDTV को फोन पर बताया कि उन्होंने 19 मई को आंसर-शीट की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें 23 मई को ईमेल के जरिए मिली.
जब परिवार ने इस कॉपी को खोला तो वह आंसर-शीट वेदांत की थी ही नहीं. किसी और छात्र की कॉपी वेदांत के नाम पर भेज दी गई थी. इस बड़ी लापरवाही के बाद परिवार ने तुरंत CBSE को ईमेल लिखा और बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क साधा.
मामले के तूल पकड़ने के बाद CBSE हरकत में आया है. सिद्धांत के मुताबिक, बोर्ड ने खुद उनके परिवार से संपर्क किया है और आश्वासन दिया है कि इस गलती को जल्द ही सुधार लिया जाएगा. CBSE छात्र की सही फोटोकॉपी भी उपलब्ध कराएगा और उसके मुताबिक रिजल्ट को अपडेट भी करेगा.
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हुआ वेदांत का परिवारइस पूरी घटना का एक दुखद पहलू यह भी रहा कि जब छात्र ने अपनी परेशानी सोशल मीडिया पर साझा की, तो कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे ही निशाना बनाना शुरू कर दिया. कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने वेदांत के पोस्ट को 'फर्जी' करार दे दिया और उसे पाकिस्तानी तक कह डाला.
हालांकि कुछ ही घंटे में सब साफ हो गया. कई लोगों ने फैक्ट चेक किया और पता चला कि ये छात्र वाकई सीबीएसई का है और उसने सही पोस्ट किया है. अब वही ट्रोलर्स सोशल मीडिया पर माफी भी मांग रहे हैं.
इस भयंकर ट्रोलिंग और मानसिक तनाव के कारण परेशान होकर वेदांत के परिवार ने मीडिया से दूरी बना ली है. सोशल मीडिया पर मिल रही नफरत के कारण वे फिलहाल किसी से बात नहीं कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में दिख रही थी CBSE की स्कैन कॉपी शेयर करने वाले छात्र की लोकेशन? भाई ने बताया पूरा सच