Education And Jobs Update: CBSE परीक्षाओं से पहले पीएम मोदी छात्रों के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में बातचीत करेंगे. बोर्ड की तरफ से बताया गया है कि फरवरी के पहले हफ्ते में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम होगा. वहीं सीबीएसई जल्द ही एडमिट कार्ड भी जारी करने वाला है, जिसका लाखों छात्र इंतजार कर रहे हैं. यूजीसी नेट दिसंबर 2025 का रिजल्ट भी किसी भी वक्त जारी हो सकता है. उधर यूपीएससीई सिविल सर्विस एग्जाम के नोटिफिकेशन का भी इंतजार है, पहले नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख 15 जनवरी थी, लेकिन बाद में इसे आगे बढ़ा दिया गया. इसके अलावा यूजीसी के नए नियमों पर बवाल के बीच फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने इन पर रोक लगा दी है. अब इन नियमों के पक्ष में कई छात्र संगठन आवाज उठा रहे हैं. एजुकेशन, सरकारी नौकरियों और रिजल्ट से जुड़ी ऐसी तमाम बड़ी खबरों की हर अपडेट आपको इस लाइव ब्लॉग में मिलेगी.
क्या है परीक्षा पर चर्चा की तारीख?
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम की तारीख फिलहाल नहीं बताई गई है, कुछ दिन पहले इसका एक टीजर जारी किया गया था, जिसमें पीएम मोदी को बच्चों के साथ मस्ती करते देखा गया था. सीबीएसई की तरफ से ये साफ किया गया है कि फरवरी के पहले हफ्ते में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम होगा.
ISRO ने जारी किया साइंटिस्ट और इंजीनियर भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने साइंटिस्ट और इंजीनियर (ICRB) भर्ती परीक्षा 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. 26 अक्टूबर 2025 को आयोजित इस परीक्षा के परिणाम छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर अपने नामांकन नंबर या जन्म तिथि के माध्यम से देख सकते हैं. सफल उम्मीदवार अब अगले चरण के लिए पात्र होंगे.
SEBI Grade A Result 2026: जारी हुआ असिस्टेंट मैनेजर फेज-1 परीक्षा का रिजल्ट, यहां सीधे लिंक से चेक करें अपना नाम
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है! भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने Assistant Manager (Grade A) भर्ती के लिए पहले चरण (Phase-I) का रिजल्ट आज, 30 जनवरी 2026 को घोषित कर दिया है. अगर आपने भी 10 जनवरी 2026 को हुई इस परीक्षा में हिस्सा लिया था, तो अब आपका इंतज़ार खत्म हो गया है. सेबी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सफल उम्मीदवारों की लिस्ट डाल दी है.
UP Police Bharti: फॉर्म भरने में हो गई है गलती? सुधारने के लिए बोर्ड ने दिया सिर्फ एक मौका
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 के आवेदन पत्र में गलती सुधारने के लिए भर्ती बोर्ड ने संशोधन (Modification) का एकमात्र अवसर देने का फैसला किया है. अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 (सुबह 6 बजे) से 03 फरवरी 2026 (सुबह 6 बजे) तक अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे.
लगातार मिल रहे अनुरोधों के बाद बोर्ड ने यह राहत दी है. छात्र आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर बदलाव कर सकते हैं. ध्यान रहे, यह आखिरी मौका है.
GTU Result 2026: गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी ने जारी किए UG और PG के नतीजे
अगर आपने इस साल गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (GTU) से अंडरग्रैजुएट (UG), पोस्टग्रैजुएट (PG) या डिप्लोमा की परीक्षा दी थी, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. यूनिवर्सिटी ने नतीजों का इंतजार खत्म करते हुए रिजल्ट घोषित कर दिए हैं. अब आप आधिकारिक वेबसाइट gtu.ac.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक कर सकते हैं.
यूपी के 15 लाख शिक्षकों को योगी का तोहफा: फ्री ऑपरेशन, भर्ती और दवाएं, अब प्राइवेट अस्पतालों में भी होगा 'कैशलेस' इलाज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे अब शिक्षकों को बीमारी की हालत में इलाज के भारी-भरकम खर्च की चिंता नहीं करनी होगी. अब राज्य के करीब 15 लाख शिक्षक और उनके परिवार के लोग सरकारी के साथ-साथ बड़े प्राइवेट अस्पतालों में भी 'कैशलेस' इलाज करा सकेंगे. सरकार ने तय किया है कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी आयुष्मान योजना की तर्ज पर फ्री इलाज की सुविधा दी जाएगी. इसके लिए सरकार हर साल करीब 448 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
SSC CGL टियर-2 परीक्षा की आंसर की कब होगी जारी
SSC CGL टियर-2 परीक्षा की आंसर की जल्द जारी होने वाली है. आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं.
कभी भी आ सकता है UPSC CSE नोटिफिकेशन
यूपीएससी सिविल सर्विस एग्जाम का नोटिफिकेशन कभी भी जारी हो सकता है, इसमें देरी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में आयोग की तरफ से जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है.
CUET UG 2026 का रजिस्ट्रेशन आज होगा खत्म
CUET UG 2026 का रजिस्ट्रेशन आज खत्म हो रहा है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट website cuet.nta.nic.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं.
RRB Group D भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी, ये है आवेदन की नई तारीख
रेलवे भर्ती बोर्ड की तरफ से 22000 ग्रुप डी भर्ती का फ्रेश शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसमें आवेदन की नई तारीख भी बताई गई है. 2 मार्च 2026 तक इन पदों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं.
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आवेदन का आखिरी मौका
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन करने का आखिरी मौका है, 30 जनवरी तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. 32 हजार से ज्यादा पदों पर ये भर्ती निकाली गई है, अगर आपने अब तक आवेदन नहीं किया है तो तुरंत कर सकते हैं.
बिहार इंटर लेवल भर्ती में हुआ बड़ा बदलाव
बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने सेकेंड इंटर लेवल भर्ती 2023 की भर्ती में बड़ा बदलाव किया है, जिसमें 809 वैकेंसी बढ़ाई गई है और आखिरी तारीख में भी बदलाव किया गया है.