Noida School Timing Change: भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों का समय बदल दिया है. 27 अप्रैल 2026 यानी सोमवार से अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे. जिला प्रशासन का ये आदेश CBSE, ICSE, IB, यूपी बोर्ड समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा. प्रशासन के अनुसार बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है. ये आदेश अगले आदेश तक जारी रहेगा. जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है. बता दें भीषण गर्मी को देखते हुए कई जगह स्कूलों का समय बदला गया है.
पटना के स्कूलों का भी बदला गया समय
पटना जिला प्रशासन ने भी भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए रविवार को कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 11:30 बजे तक कर दिया है. जो की आज (27 अप्रैल) से प्रभावी हो गया है. आदेश के अनुसार कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 11.30 बजे तक चलेंगे. पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने कहा कि मौजूदा प्रतिकूल मौसम की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती है. इस निर्देश में ‘प्री-स्कूल' और आंगनवाड़ी केंद्रों को भी शामिल किया गया है. जिला प्रशासन ने कहा कि यह आदेश 30 अप्रैल तक लागू रहेगा.
बढ़ते तापमान और लू को देखते हुए हरिद्वार के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने भी पूरे जिले में स्कूलों का समय बदल दिया है. 27 अप्रैल से 26 मई तक, सभी प्री-प्राइमरी से क्लास 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे. जबकि क्लास 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे. इसके अलावा गाजियाबाद में भी भीषण गर्मी के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चल रहे हैं.
इन राज्यों में शुरू हुई गर्मी की छुट्टियां
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा राज्य ने तो गर्मी को देखते हुए समय से पहले ही स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी हैं. छत्तीसगढ़ और ओडिशा में स्कूल की गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गई हैं. जबकि मध्य प्रदेश में 1 मई 2026 से गर्मी की छुट्टियां शुरू होने जा रही है.