CM Shri School Admissions 2026: अगर आप दिल्ली में रहते हैं और सीएम श्री स्कूल में अपने बच्चे का एडमिशन करवाना चाहते हैं तो ये खबर आपके लिए है. दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DoE) ने आज से 'CM Shri School' के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं. पेरेंट्स अपने बच्चों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. ये रजिस्ट्रेशन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6, 9 और 11 में एडमिशन के लिए किए जा रहे हैं. आइए जानते हैं कि इसके लिए आवेदन कैसे करना है और इसकी आखिरी तारीख क्या है.
यहां से कर सकते हैं आवेदन
सीएम श्री स्कूल में आवेदन करने के लिए छात्र या उनके पेरेंट्स आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर जा सकते हैं. यहां से ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है. आवेदन करने की आखिरी तारीख 12 मार्च, 2026 है. जो छात्र दिल्ली से निवासी हैं और जिन्होंने पिछले साल दिल्ली के ही किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से पढ़ाई की हो, वही इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
किन्हें मिलेगा आरक्षण?
दिल्ली के सीएम श्री स्कूलों में कुल सीटों का 50 प्रतिशत हिस्सा उन छात्रों के लिए आरक्षित है, जिन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूलों से कक्षा 5, कक्षा 8 और कक्षा 10वीं की परीक्षा पास की है. बाकी बची हुई सीटें उन छात्रों के लिए हैं, जो दिल्ली के निवासी हैं और यहीं पढ़ रहे हैं. CM Shri School की इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी आवेदन खत्म होने के बाद जारी कर दिए जाएंगे.
कब तक होगी परीक्षा?
- कक्षा 6 और 9 के लिए प्रवेश परीक्षा मार्च 2026 के आखिरी हफ्ते तक आयोजित होगी.
- कक्षा 11वीं की प्रवेश परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जाएगी.
- कक्षा 6 और 9 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को 30 अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाएगा.
- परीक्षा में ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे और ओएमआर शीट दी जाएगी.
- कक्षा 6 की परीक्षा 300 अंकों की होगी, जबकि कक्षा 9 और 11 की परीक्षाएं 400-400 अंकों की होंगी.
क्या हैं सीएम श्री स्कूल?
CM Shri Schools दिल्ली सरकार की एक पहल है. इसमें शिक्षा के स्तर को बढ़ाना और छात्रों को आधुनिक बुनियादी सुविधाएं देना शामिल है. बाकी स्कूलों की तुलना में इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस से लेकर तमाम विश्व स्तरीय सुविधाएं देने की कोशिश की जाती है. इन स्कूलों में छात्रों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है. साथ ही एआई लर्निंग और स्किल बेस्ड चीजें भी शामिल होती हैं.
Delhi Nursery Admission: 2 मार्च से शुरू हो रहे नर्सरी KG एडमिशन, जान लें दाखिले के नए नियम