Chhattisgarh Summer Vacation 2026: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है. कुछ दिनों की राहत के बाद अब तपती गर्मी में बाहर निकलने वाले बच्चों और बाकी लोगों का हाल बुरा है. इसी बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि भीषण गर्मी और लू के चलते इस बार गर्मियों की छुट्टियां जल्दी दी जा रही हैं. सीएम विष्णुदेव साई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए छुट्टियों की तारीख भी बताई है. जल्दी छुट्टियां पड़ने से राज्य के हजारों छात्रों को राहत मिलेगी.
20 अप्रैल से ही शुरू होंगी छुट्टियां
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साई ने एक्स पर लिखा, प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू करते हुए अब 20 अप्रैल से 15 जून तक घोषित किया है, ताकि इस भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत सुरक्षित रह सके.
बोर्ड रिजल्ट का इंतजार
छत्तीसगढ़ में 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक कक्षा 10वीं की परीक्षाओं का आयोजन हुआ. इसी तरह मार्च में ही 12वीं की परीक्षाएं भी खत्म हुईं. ऐसे में अब यहां के हजारों छात्रों को अपने रिजल्ट का इंतजार है. बताया जा रहा है कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते या फिर मई की शुरुआत में रिजल्ट जारी किया जा सकता है. हालांकि अब तक आधिकारिक डेट सामने नहीं आई है. फिलहाल छात्रों को करीब डेढ़ महीने से ज्यादा की छुट्टियां दे दी गई हैं, जिसके बाद फिर से स्कूल शुरू होंगे और 11वीं के एडमिशन लिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें - पटना से लेकर नोएडा तक, CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में फिसड्डी साबित हुए ये शहर; देखें लिस्ट