CBSE AI In School: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अपने सिलेबस और बाकी चीजों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. न्यू एजुकेशन पॉलिसी के तहत बोर्ड पहले ही कई तरह के अहम बदलाव कर चुका है. अब बोर्ड की हालिया गवर्निंग बॉडी की बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं. खासतौर पर 9वीं और 10वीं के लिए बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी हो रही है.
एआई और कंप्यूटिंग जरूरी
CBSE अब कक्षा 9 और 10 के सिलेबस में कंप्यूटिंग और AI को अनिवार्य विषय के तौर पर शामिल करने का प्लान कर रहा है. इसके साथ ही ये भी बताया गया है कि बोर्ड तीसरी क्लास से ही एआई को बच्चों के क्लासरूम में पहुंचा देगा. अगले साल यानी 2026-27 से ये बदलाव देखे जा सकते हैं. इसे अलग-अलग विषयों के साथ शामिल किया जाएगा. इसके बाद जब बच्चे क्लास 6 में पहुंचेंगे तो लेवल को बढ़ाया जाएगा.
स्किल पर होगा जोर
पीएम मोदी से लेकर तमाम टेक दिग्गज ये बात बार-बार दोहरा चुके हैं कि आने वाले समय में स्किल ही सबसे बड़ी ताकत होगी. ऐसे में सीबीएसई की तरफ से कक्षा 8 से 12 तक के छात्रों के लिए 'सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी' को एक स्किल सब्जेक्ट के रूप में पेश किया जाएगा. इसके लिए एक स्पेशल लर्निंग मॉड्यूल तैयार किया जाएगा. बताया गया है कि CBSE अपने स्किल सब्जेक्ट को अंतर्राष्ट्रीय मानक PISA (Programme for International Student Assessment) के तहत तैयार करेगा.
स्कूलों के लिए ग्रेडिंग सिस्टम
जरूरी बदलावों में केंद्रीय विद्यालय (KV), जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) के लिए एक खास ग्रेडिंग सिस्टम शुरू करने की भी प्लानिंग हो रही है. इसमें पढ़ाई के अलावा बाकी चीजों को ध्यान में रखते हुए ग्रेडिंग की जाएगी. साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने की बात भी कही गई है. बोर्ड की तरफ से पहले ही 10वीं में टू बोर्ड एग्जाम सिस्टम लागू कर दिया गया है. इसी तरह बाकी नियमों को भी लागू किया जाएगा और नकल रोकने के लिए भी सख्ती बढ़ाई जाएगी.