CBSE ने बोर्ड परीक्षाओं का पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया है. 2027 में 16 फरवरी से बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत होने जा रही है, जिसके लिए छात्रों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. पिछले कई दिनों से बोर्ड एग्जाम की डेटशीट का इंतजार हो रहा था, जो अब खत्म हो चुका है. 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं मार्च में जल्दी खत्म हो रही हैं, लेकिन 12वीं की परीक्षाएं अप्रैल तक जारी रहेंगीं. होली के दिन भी कुछ विषयों की परीक्षा हो रही है, ऐसे में सवाल है कि क्या सीबीएसई की तरफ से आने वाले कुछ हफ्तों में डेटशीट बदली जाएगी?
कब खत्म होंगे बोर्ड एग्जाम?
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 6 नवंबर को डेटशीट जारी की थी. इसमें बताया गया कि 2027 की कक्षा 10 की परीक्षाएं 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक चलेंगी. वहीं 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल तक होंगीं.
होली के दिन कई विषयों की परीक्षा
डेटशीट के मुताबिक 12वीं की कुछ परीक्षाएं होली के दिन यानी 22 मार्च को भी होनी हैं. इस दिन 12वीं के कुल पांच विषयों की परीक्षा है. ऐसे में तमाम अभिभावकों के मन में यही सवाल है कि क्या बोर्ड इस तारीख को बदलेगा या फिर उनके बच्चों को त्योहार के दिन परीक्षा देनी होगी. फिलहाल बोर्ड की तरफ से इसे लेकर कोई भी ऐलान नहीं किया गया है. इसे लेकर किसी भी तरह की अपडेट आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर दी जाएगी.
इन विषयों की है परीक्षा
22 मार्च 2027 को होली है और इस दिन सोमवार पड़ रहा है. सीबीएसई के टाइम टेबल के मुताबिक 22 तारीख को नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेस ऑफ इंडिया, भोटी, कोकबोरोक, बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी की परीक्षा होगी. सभी पेपर सुबह की शिफ्ट में यानी 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच होंगे.
2025 में हुआ था ये बदलाव
2027 की ही तरह 2025 में भी होली के मौके पर परीक्षा आ रही थी. 12वीं की हिंदी की परीक्षा 15 मार्च, 2025 को थी. इस साल सीबीएसई की तरफ से छात्रों को सुविधा दी गई थी कि जो छात्र इस दिन परीक्षा नहीं दे सकते हैं, उनके लिए अलग से एग्जाम कराया जाएगा. यानी छात्रों को होली के मौके पर पड़ने वाली परीक्षा बाद में देने की सुविधा दी गई थी. इस बार भी कुछ इसी तरह की सुविधा दी जा सकती है.
यह भी पढ़ें | 10वीं-12वीं के इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल मार्क्स को लेकर CBSE का बड़ा अपडेट, स्कूलों के लिए जारी की नई गाइड
यह भी पढ़ें | फरवरी से शुरू हो रहे हैं बोर्ड एग्जाम, इन 5 आसान टिप्स को फॉलो करके हर सब्जेक्ट में पा सकते हैं फुल मार्क्स!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं