CBSE Board Exam 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं के सेकेंड बोर्ड एग्जाम को लेकर एक सर्कुलर जारी कर दिया है. ये परीक्षाएं मई में होने वाली हैं. CBSE की 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा 10 मार्च को खत्म हो चुकी है. इस परीक्षा का नतीजा आने के बाद दूसरी बोर्ड परीक्षा मई में होगी. CBSE ने इस परीक्षा की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) जमा करने की प्रक्रिया और इससे जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सीबीएसई ने सभी स्कूलों से छात्रों की लिस्ट मांगी है जो कि इस एग्जाम में शामिल होना चाहते हैं. बता दें कि इस साल से सीबीएसई ने 10 के छात्रों के लिए दो बार बोर्ड एग्जाम रखने का फैसला लिया है. सीबीएसई की इस टू एग्जाम पॉलिसी का मकसद छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का एक और अवसर देना है.
CBSE ने पिछले साल ही इस नीति की घोषणा की थी. इसके तहत अब कक्षा 10 के छात्रों को भी साल में दो बार परीक्षा देना का मौका मिलेगा. पहली परीक्षा यानी मुख्य परीक्षा जो कि फरवरी-मार्च में होती है. उसमें में आने वाले अंकों से जो बच्चे संतुष्ट नहीं हैं, वे मई में होनेवाली इस परीक्षा में भाग ले सकते हैं. सेकेंड बोर्ड परीक्षा में शामिल होकर बच्चे अपना रिजल्ट बेहतर कर सकते हैं.
कितनी भरनी होगी फीस
लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स यानी LOC जमा करने की प्रक्रिया 18 मार्च, 2026 से शुरू हो गई है जो कि 31 मार्च 2026 तक चलेगी. इस परीक्षा में जो छात्र हिस्सा लेना चाहते हैं उन्हें फीस भी भरनी होगी. भारत में ये फीस 300 रुपये प्रति विषय है यानी तीन विषयों के लिए 900 रुपये जमा करने होंगे. नेपाल के लिए ये फीस 1100 रुपये प्रति विषय और अन्य देश के लिए 2200 रुपये प्रति विषय रखी गई है.
LOC जमा करने की प्रक्रिया तीन अलग-अलग चरणों में होगी-
- पहला चरण 18 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा.
- दूसरा चरण, मुख्य परीक्षा के परिणाम जारी होने के अगले दिन से 5 दिन तक होगा.
- तीसरा चरण परिणाम घोषित होने के 7वें दिन से 2 दिन तक होगा. इस दौरान लेट फीस भी देनी होगी.
ये भी पढ़ें- RBSE ने बता दिया कब जारी होगा राजस्थान बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट, ऐसे कर सकते हैं चेक