CBSE बोर्ड के 10वीं के नतीजे जारी हो गए हैं. इस बार सीबीएसई में सरकारी स्कूलों का दबदबा बरकरार रहा है. खास तौर पर केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. केंद्रीय विद्यालय का रिजल्ट 99 फीसदी से भी ज्यादा रहा है. वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय का भी रिजल्ट 99 फीसदी से ज्यादा रहा. देश भर के अलग-अलग राज्यों में नवोदय और केंद्रीय विद्यालय हैं.
सरकारी स्कूलों का शानदार रिपोर्ट कार्ड
सीबीएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार संस्थागत स्तर पर केंद्रीय विद्यालय (KVS) और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) सबसे सफल स्कूल समूह बनकर उभरे हैं. केन्द्रीय विद्यालय का रिजल्ट 99.57% रहा है. वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय के 99.42% छात्र सफल हुए हैं. इसके ्अलावा अन्य सरकारी स्कूलों का रिजल्ट भी अच्छा रहा है. सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 91.43 प्रतिशत रहा. वहीं सरकारी एडेड स्कूलों का रिजल्ट 91.01 फीसदी रहा.
लड़कियां रहीं अव्वल
आपको बता दें कि इस बार CBSE ने 10वीं क्लास के नतीजे 15 अप्रैल 2026 को घोषित किए, जो रिकॉर्ड समय है. 1.63 करोड़ से अधिक कॉपियों को रिकॉर्ड समय में पूरा कर रिजल्ट करीब एक महीने पहले जारी कर दिया गया. सीबीएसई के नतीजों में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है. लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99% रहा, जो लड़कों (92.69%) के मुकाबले बेहतर है. कुल 93.70% छात्र इस परीक्षा में सफल हुए हैं.
अगर हम राज्यों और इलाकों की बात करें तो त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा रीजन 99.79% के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे, जबकि दिल्ली का ओवरऑल रिजल्ट 97.38% रहा. CBSE ने इस बार पूरी प्रक्रिया को टेक-ड्रिवन बनाया है. रिजल्ट और मार्कशीट DigiLocker और UMANG पर उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि इस साल से दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली लागू की गई है. मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में हुई, जबकि दूसरी बोर्ड परीक्षा मई के मध्य में प्रस्तावित है.
यह भी पढ़ें: APAAR ID के बिना भी स्टूडेंट्स देख सकते हैं Digilocker पर अपना रिजल्ट, जानिए असान स्टेप्स यहां